अनमोल दृष्टि एपिसोड-11: सत्ता, सिस्टम और सच, फेरबदल बनाम स्थिरता, कुर्सी की हलचल में कहीं काम न रुक जाए! : अशोक कुमार साहू, संपादक

Anmol Drishti Episode 11 : रविवार, 16 अगस्त 2026 को प्रस्तुत है साप्ताहिक कॉलम “अनमोल दृष्टि”। सत्ता, शासन-प्रशासन और जनसरोकारों से जुड़े प्रमुख घटनाक्रमों पर हर सप्ताह संतुलित, तथ्यपरक और बेबाक नजर। हमारा उद्देश्य केवल खबरें बताना नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपे संकेतों और प्रभावों को समझना है। आइए, देखते हैं इस सप्ताह सत्ता, सिस्टम और सच की प्रमुख हलचलें।
फेरबदल बनाम स्थिरता!
छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस वर्ष नए साल की शुरुआत से एक शब्द लगातार चर्चा में है “फेरबदल”। कभी रात्रिकालीन बैठक, कभी विधानसभा सत्र के बाद की हलचल और कभी दिल्ली दौरे के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव की सुगबुगाहट। “कौन रहेगा, कौन जाएगा और किसे मौका मिलेगा” सियासी गलियारों में यह सवाल लगातार तैरता रहा है।
छत्तीसगढ़ में फेरबदल की चर्चा अब इतनी लंबी हो चुकी है कि उसने खुद एक राजनीतिक चरित्र हासिल कर लिया है।
बैठक होती है “फेरबदल की चर्चा”।
दिल्ली दौरा होता है “फेरबदल की चर्चा”।
सत्र खत्म होता है “फेरबदल की चर्चा”।
किसी मंत्री की सक्रियता बढ़ती है “फेरबदल की चर्चा”।
किसी मंत्री की सक्रियता घटती है “फिर फेरबदल की चर्चा”।
यानी चर्चा इतनी स्थायी हो गई है कि फेरबदल नहीं हुआ तो भी फेरबदल की चर्चा जरूर हो जाती है। लेकिन सत्ता के इस “इंतजार कक्ष” में एक चीज लगातार बाहर रह जाती है “जनता का सवाल”।
मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा तो छत्तीसगढ़ के आम आदमी की जिंदगी में क्या बदलेगा? क्योंकि अगर कुर्सियां बदलती रहें और व्यवस्था वही रहे, तो फेरबदल केवल नामों की अदला-बदली बनकर रह जाएगा।
लेकिन असली सवाल यह है “इस इंतजार का असर सरकार के कामकाज पर” कितना पड़ रहा है? जिस मंत्री को हर समय यह डर हो कि अगली सूची में उसका नाम हो सकता है, वह पांच साल की योजना बनाएगा या अगली सूची तक की?
यहीं से राजनीति का एक दूसरा खेल शुरू होता है!
“साहब कितने दिन के हैं?” यह सवाल जब विभाग में घूमने लगे तो फाइलों से ज्यादा चर्चाएं चलती हैं। “मंत्री को अपनी कुर्सी की चिंता, विधायक को अगली कुर्सी की उम्मीद और अधिकारी को अगले मंत्री के साथ तालमेल की तैयारी” फिर जनता के काम की प्राथमिकता कहां बचेगी?
फेरबदल की सुगबुगाहट और ‘संग्रहण’
फेरबदल का डर कभी-कभी एक खतरनाक मानसिकता भी पैदा करता है “समय कम है, जो करना है अभी कर लो।” यहीं से भ्रष्टाचार के लिए अनुकूल माहौल बनने का खतरा बढ़ता है। हर कोई भ्रष्ट नहीं होता, लेकिन जब पद की स्थिरता पर भरोसा कम हो जाए तो कुछ लोगों में कम समय में अधिक लाभ लेने की प्रवृत्ति जरूर बढ़ सकती है! फिर काम से ज्यादा संपर्क, नियम से ज्यादा पहुंच और जनहित से ज्यादा अपना भविष्य महत्वपूर्ण होने लगता है। कुर्सी बदलना समस्या नहीं है, हर समय कुर्सी हिलने का डर समस्या है।
(यह कॉलम सार्वजनिक चर्चाओं, प्रचलित राजनीतिक-प्रशासनिक घटनाक्रमों और विभिन्न स्रोतों से प्राप्त संकेतों पर आधारित विश्लेषणात्मक प्रस्तुति है। इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा संस्था की प्रतिष्ठा को प्रभावित, धूमिल करना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े विषयों पर विमर्श को आगे बढ़ाना है।)



