राजधानी में रसोई गैस की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन, होटल-रेस्टोरेंट और गैस एजेंसी पर छापा, 350 से ज्यादा सिलेंडर जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध स्टॉक रखने वालों के खिलाफ खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले दिन शहर के आउटर इलाके में स्थित होटल-रेस्टोरेंट और दुकानों पर छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें 350 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
यह भी पढ़े :- नक्सल प्रभावित इलाके की सड़क पर सवाल, चार साल में भी पूरा नहीं हुआ 18 किमी का काम
संयुक्त जांच दल ने धरसींवा विकासखंड के सेजबहार क्षेत्र में स्थित कमल होटल में घरेलू एलपीजी गैस का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर 14.2 किलोग्राम क्षमता के 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। इसी क्षेत्र में बाबूलाल चिकन सेंटर में भी घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाया गया, जहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 3 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।
इसी तरह अभनपुर-नवापारा क्षेत्र में स्थित रवि ग्लास एंड प्लाइवुड में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करते पाए जाने पर 14.2 किलोग्राम क्षमता के 26 घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 2 व्यावसायिक सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम क्षमता के 4 सिलेंडर जब्त किए गए।
गैस एजेंसी में मिली अनियमितता
खाद्य विभाग की टीम ने कोरासी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी की भी जांच की। भौतिक सत्यापन के दौरान एजेंसी के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया। जांच में 14.2 किलोग्राम क्षमता के 101 भरे और 64 खाली घरेलू सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम क्षमता के 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडर कम पाए गए।
इस अनियमितता के चलते एजेंसी के गोदाम में मौजूद कुल 355 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों को जब्त कर एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया। जांच में यह कृत्य द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (वितरण एवं विनियमन) आदेश 2000 की विभिन्न कंडिकाओं का उल्लंघन पाया गया है।



