नक्सल प्रभावित इलाके की सड़क पर सवाल, चार साल में भी पूरा नहीं हुआ 18 किमी का काम

Questions on Dilapidated Road: छत्तीसगढ़ विधानसभा में सड़कों की बदहाल स्थिति, जर्जर पुल, केशकाल घाट में लगने वाले जाम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अधूरी सड़क परियोजनाओं का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष के कई विधायकों ने अलग-अलग मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगा और जमीनी स्थिति सुधारने की मांग की। अंतागढ़ के BJP विधायक विक्रम देव उसेंडी ने इरपानार से पखांजूर होते हुए भानुप्रतापपुर तक जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर बनी कई पुलियां जर्जर और संकीर्ण हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ विधानसभा में गूंजा सड़क हादसों और जर्जर सड़कों का मुद्दा, सदन में सरकार ने दिए जवाब
विधायक ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान कई पुलियों का काम अधूरा छोड़ दिया गया और कई स्थानों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम भी नहीं किए गए। इसके कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने सदन को बताया कि यह मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है, इसके बावजूद सड़क की खस्ता हालत लोगों के लिए गंभीर परेशानी बनी हुई है। इस पर जवाब देते हुए लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने स्वीकार किया कि कुछ पुलियां जर्जर स्थिति में हैं, लेकिन उन्होंने इन पुलियों पर दुर्घटनाएं होने से इनकार किया। (Questions on Dilapidated Road)
विधायक उसेंडी ने जताई आपत्ति
मंत्री के इस जवाब पर विधायक उसेंडी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकार को गलत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कई बार वाहन पुलियों से नीचे गिर चुके हैं और हादसों में लोगों की मौत भी हुई है। मामला उठने के बाद सदन में अन्य विधायकों ने भी उसेंडी का समर्थन किया और सरकार से वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। मंत्री अरुण साव ने सफाई देते हुए कहा कि विभाग को दुर्घटनाओं की जानकारी संबंधित थानों से मिली रिपोर्ट के आधार पर दी गई है और उसी के अनुसार सदन में जवाब प्रस्तुत किया गया।
केशकाल घाट में ट्रक खराब होने से लगा लंबा जाम
इधर, बस्तर को राजधानी रायपुर से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क केशकाल घाट में जाम की समस्या फिर सामने आई है। घाट के 10वें मोड़ पर सड़क के बीचों-बीच एक ट्रक खराब हो जाने के कारण लंबा जाम लग गया। घाट के नीचे वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस मौके पर पहुंचकर वन-वे व्यवस्था के जरिए यातायात बहाल करने की कोशिश में जुटी रही। केशकाल घाट को बस्तर की लाइफलाइन माना जाता है, क्योंकि यही एकमात्र प्रमुख मार्ग है, जो बस्तर संभाग को राजधानी रायपुर से जोड़ता है। वैकल्पिक मार्ग नहीं होने के कारण सभी छोटे-बड़े वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में जाम लगने से आम यात्रियों के साथ-साथ गंभीर मरीजों को भी समय पर इलाज के लिए रायपुर पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सड़क निर्माण पर भी उठा सवाल
विधानसभा के प्रश्नकाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण सिंहदेव ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सुकमा जिले में झीरम घाटी से एलेंगनार-उरकापाल-कांदानार तक प्रस्तावित 18 किलोमीटर सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए करीब 14 करोड़ 60 लाख रुपए खर्च का प्रावधान किया गया था और 30 जनवरी 2023 को टेंडर जारी हुआ था। बाद में तीन साल बाद अतिरिक्त 5 करोड़ 59 लाख रुपये की राशि भी जारी की गई। किरण सिंह देव ने सरकार से पूछा कि अब तक सड़क निर्माण का कितना काम पूरा हुआ और कितनी राशि का भुगतान किया गया है। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने जवाब देते हुए कहा कि यह इलाका घोर नक्सल प्रभावित और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में आता है, जिसके कारण विस्तृत सर्वेक्षण नहीं हो पाया था। (Questions on Dilapidated Road)
मंत्री केदार कश्यप ने दिया आश्वासन
उन्होंने कहा कि बिना सर्वे के ही प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति के साथ टेंडर जारी किया गया था। मंत्री ने बताया कि अब तक अर्थवर्क और जीएसबी तक का काम किया गया है और लगभग 4 करोड़ 23 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा डीएमएफ मद से भी कुछ कार्य चिन्हित किए गए हैं और उनके लिए टेंडर जारी हो चुका है। सरकार एक साल के भीतर काम पूरा करने का प्रयास कर रही है। हालांकि इस पर किरण सिंहदेव ने कहा कि सड़क निर्माण का कार्य दो हिस्सों में बांट दिया गया है और चार साल में चार बार बारिश होने से सड़क में डाली गई मिट्टी और मुरूम बह चुकी है। उन्होंने मांग की कि इस परियोजना की निगरानी के लिए एक विशेष टीम गठित की जाए। मंत्री केदार कश्यप ने आश्वासन दिया कि 18 किलोमीटर सड़क के निर्माण कार्य का वरिष्ठ अधिकारी निरीक्षण करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई भी की जाएगी।



