छत्तीसगढ़ विधानसभा में गूंजा सड़क हादसों और जर्जर सड़कों का मुद्दा, सदन में सरकार ने दिए जवाब
Issue of Road Accidents: छत्तीसगढ़ विधानसभा में सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों और कई जिलों में जर्जर सड़कों का मुद्दा जोर-शोर से उठा। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के विधायकों ने अलग-अलग मामलों में सरकार से जवाब मांगा। सरकार की ओर से संबंधित मंत्रियों ने दुर्घटनाओं के कारण, की जा रही कार्रवाई और सड़क निर्माण योजनाओं की जानकारी दी। विधानसभा में कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों और उनसे हो रही मौतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने विशेष रूप से अकलतरा क्षेत्र में दुर्घटनाओं और मौतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर सरकार से सवाल किया और पूछा कि आखिर दुर्घटनाओं से हो रही मौतों के पीछे क्या कारण हैं।
यह भी पढ़ें:- वन भूमि पर अवैध जुताई करते ट्रैक्टर जब्त, अवैध लकड़ी परिवहन पर भी कार्रवाई
इस पर मंत्री केदार कश्यप ने जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है और लोगों की लापरवाही भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है। उन्होंने कहा कि इन कारणों से सड़क हादसे बढ़ रहे हैं और मौतें भी हो रही हैं, लेकिन सरकार की कोशिश है कि दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का अनुपात कम किया जाए। राघवेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी जवाब के मुताबिक अकलतरा में 2024-25 के दौरान दुर्घटनाओं में मौतों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, जबकि साल 2026 में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने पूछा कि मामलों में बढ़ोतरी के पीछे क्या कारण हैं और ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में भारी और हल्के वाहनों पर कितनी कार्रवाई की गई है। (Issue of Road Accidents)
मंत्री केदार कश्यप ने दी जानकारी
उन्होंने यह भी कहा कि जब सरकार कार्रवाई की बात कर रही है तो उसके स्पष्ट आंकड़े क्यों उपलब्ध नहीं हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि ट्रामा सेंटर की सुविधा नहीं होने से भी दुर्घटनाओं में मौतों की संख्या बढ़ रही है। मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। साल 2023 में 29,104 वाहनों पर कार्रवाई, साल 2024 में लगभग 39 हजार वाहनों पर कार्रवाई और 2025 में करीब 41 हजार वाहनों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रामा सेंटर की स्थापना के लिए स्वास्थ्य विभाग कार्य कर रहा है।
विशेष अभियान और बायपास की मांग
विधायक राघवेंद्र सिंह ने आगे पूछा कि क्या सरकार बड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर चेकिंग करेगी और क्षेत्र में बायपास और ट्रामा सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराएगी। इस पर मंत्री ने कहा कि जांजगीर क्षेत्र में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और सड़क सुरक्षा के लिए विभिन्न विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि स्मार्ट सिटी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अंतर्विभागीय समिति बनाई गई है। उन्होंने सवाल किया कि दुर्घटनाओं के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में सभी विभाग मिलकर काम करेंगे, ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
ट्रामा सेंटर की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने भी सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि जब क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज खुल रहा है तो वहां क्रिटिकल केयर यूनिट और ट्रामा सेंटर भी स्थापित किया जाना चाहिए। मंत्री ने उनके सुझाव पर अमल करने का भरोसा दिया। विधानसभा में भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने मुंगेली जिले और उससे जुड़े अन्य जिलों को जोड़ने वाली सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से उठाया। उन्होंने कहा कि कई सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है। (Issue of Road Accidents)
सरकार ने बताया निर्माण और मरम्मत का प्लान
PWD मंत्री और डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में सड़कों के मरम्मतीकरण और नवीनीकरण का काम जारी है और इस वर्ष के बजट में भी इसके लिए राशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि मुंगेली से नांदघाट सड़क की निविदा स्वीकृत हो चुकी है। करीब 114 करोड़ रुपये की लागत से 36 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि कई अन्य खराब सड़कों के निर्माण के लिए प्राकलन स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है, जबकि सड़कों का नियमित संधारण भी किया जा रहा है।
पिछले सालों की उपेक्षा का आरोप
पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि खराब सड़कों की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की मौत हो रही है, लेकिन इस पर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इस पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में ग्रामीण विभाग की कई सड़कों की मरम्मत नहीं होने से उनकी हालत खराब हुई है, लेकिन वर्तमान सरकार बनने के बाद लगातार मरम्मत और निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुंगेली-बेमेतरा सड़क का काम जारी है। तखतपुर, मुंगेली और पंडरिया के शहरी क्षेत्रों में नई सड़कों का निर्माण जल्द शुरू होगा। टेंडर समेत सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया कि सड़कों की स्थिति सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। (Issue of Road Accidents)



