केशकाल बाईपास परियोजना में बड़ी लापरवाही, जहां सड़क बननी ही नहीं थी, वहां काट दिए हजारों पेड़, अब फिर 6 हजार पेड़ों पर खतरा

Keshkal Bypass Project: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल में नेशनल हाईवे बाईपास परियोजना से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। विकास कार्यों के नाम पर हुई प्रशासनिक लापरवाही ने न सिर्फ पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया है, बल्कि सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत अलाइनमेंट से अलग क्षेत्र में हजारों हरे-भरे पेड़ काट दिए गए, जबकि वहां सड़क बननी ही नहीं थी। अब परियोजना को दोबारा शुरू करने की तैयारी के बीच वास्तविक अलाइनमेंट पर फिर से हजारों पेड़ों की कटाई की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:- बच्चों की पढ़ाई के बढ़ते खर्च ने बढ़ाई माता-पिता की चिंता, जानिए समय रहते एजुकेशन फंड बनाना क्यों है जरूरी ?
दरअसल, केशकाल घाट पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से बाईपास सड़क निर्माण की योजना बनाई गई थी। इसके लिए साल 2016-17 में वन विभाग से अनुमति लेकर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की गई, लेकिन अब सामने आया है कि जिस अलाइनमेंट के आधार पर जंगल की कटाई हुई, वह वास्तविक स्वीकृत मार्ग से अलग था। जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे विभाग ने साल 2016-17 में वन विभाग को एक अलाइनमेंट मैप उपलब्ध कराया था। इसी नक्शे के आधार पर वन क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की गई, लेकिन हालिया जांच और सर्वेक्षण में पता चला कि करीब 11 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित बाईपास मार्ग में लगभग 5 किलोमीटर हिस्सा गलत अलाइनमेंट पर था। (Keshkal Bypass Project)
एक ही परियोजना में जंगलों पर दोहरी मार
इसका मतलब यह है कि हजारों पेड़ ऐसे क्षेत्र में काट दिए गए, जहां सड़क निर्माण की आवश्यकता ही नहीं थी। इस चूक के कारण पर्यावरण को भारी क्षति पहुंची और सरकारी संसाधनों का भी नुकसान हुआ। मामले का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि अब जब वास्तविक अलाइनमेंट के मुताबिक परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी हो रही है, तब फिर से बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई करनी पड़ेगी। जानकारी के मुताबिक नए अलाइनमेंट पर सड़क निर्माण के लिए 6 हजार से ज्यादा पेड़ों की कटाई की तैयारी की जा रही है। यानी जिस परियोजना के लिए पहले हजारों पेड़ गलत जगह पर काटे गए, उसी परियोजना के लिए अब फिर हजारों पेड़ों की बलि चढ़ने वाली है। पर्यावरणविदों का मानना है कि यह वन संपदा पर दोहरी चोट के समान है। (Keshkal Bypass Project)
वन विभाग ने गठित की जांच टीम
मामला सामने आने के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ है। केशकाल की डीएफओ दिव्या गौतम ने बताया कि मार्च महीने में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से जानकारी प्राप्त हुई थी कि निर्धारित अलाइनमेंट से हटकर लगभग 5 किलोमीटर क्षेत्र में पेड़ों की कटाई हुई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए विभागीय टीम गठित कर दी गई है। साथ ही स्वीकृत अलाइनमेंट का फिर सत्यापन कराया जा रहा है और मौके पर दोबारा सर्वे समेत मार्किंग की प्रक्रिया शुरू की गई है। जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक यह मामला अब शासन स्तर तक पहुंच चुका है। वन विभाग के उप सचिव ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कांकेर सीसीएफ से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विभागों के बीच जिम्मेदारी तय करने की चुनौती
मामला उजागर होने के बाद वन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के बीच जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आ रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस गंभीर चूक का जिम्मेदार कौन है ? विशेषज्ञों का मानना है कि हजारों पेड़ों की कटाई सिर्फ वन क्षेत्र की क्षति नहीं है, बल्कि इसका असर स्थानीय जैव विविधता, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, भूजल संरक्षण और क्षेत्रीय जलवायु पर भी पड़ता है। इसके अलावा गलत जगह पर हुई कटाई में खर्च हुई सरकारी राशि भी अब सवालों के घेरे में है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि क्या इस बड़ी प्रशासनिक चूक के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी सरकारी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
उठ रहे हैं कई बड़े सवाल
- सड़क निर्माण से पहले अलाइनमेंट का भौतिक सत्यापन क्यों नहीं किया गया?
- हजारों पेड़ों की कटाई की अनुमति किस आधार पर दी गई?
- गलत अलाइनमेंट की जानकारी 9 साल तक सामने क्यों नहीं आई?
- पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई कैसे होगी?
- क्या दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी?
- क्या सरकारी धन के नुकसान की जवाबदेही तय की जाएगी?



