छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब 1 अप्रैल से खुलेंगे स्कूल; 16 जून से सत्र शुरू होने की परंपरा खत्म

CG School Session Change 2027 : छत्तीसगढ़ के सरकारी और Chhattisgarh Board of Secondary Education (सीजी बोर्ड) से संबद्ध निजी स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से बड़ा बदलाव (CG School Session Change 2027) लागू किया जाएगा। अब प्रदेश में नया शैक्षणिक सत्र हर वर्ष 16 जून के बजाय 1 अप्रैल से शुरू होगा। यह निर्णय स्कूल शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav की अध्यक्षता में आयोजित संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक में लिया गया।
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना, विद्यार्थियों को अधिक अध्ययन अवधि उपलब्ध कराना और परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाना है। विभाग जल्द ही इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।
31 मार्च तक जारी होंगे वार्षिक परीक्षा परिणाम
नई व्यवस्था के तहत सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम हर हाल में 31 मार्च तक घोषित किए जाएं, ताकि 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र बिना किसी बाधा के शुरू किया जा सके।
ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष अभियान
समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस अभियान का लक्ष्य 31 जुलाई 2027 तक ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा मुख्यधारा से जोड़ना रखा गया है।
हाईस्कूल स्तर पर ड्रॉपआउट बड़ी चुनौती
विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर में कमी आई है, लेकिन हाईस्कूल स्तर पर अभी भी करीब 15.3 प्रतिशत विद्यार्थी पढ़ाई बीच में छोड़ रहे हैं। इसे रोकना विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
इन कारणों से लिया गया बड़ा फैसला
इस बदलाव के पीछे कई महत्वपूर्ण कारण बताए गए हैं। इनमें Central Board of Secondary Education (CBSE) और सीजी बोर्ड के बीच अध्ययन अवधि में समानता लाना, प्रवेश प्रक्रिया एवं पुस्तक वितरण में लगने वाले समय की बचत, पाठ्यक्रम पूरा करने और रिवीजन के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध कराना तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने की सुविधा शामिल है।
इसके अलावा गर्मी की छुट्टियों से पहले लगभग एक माह की अतिरिक्त पढ़ाई पूरी करने का अवसर भी विद्यार्थियों को मिलेगा।
डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कहा कि विभाग का प्रयास रहेगा कि 1 अप्रैल से स्कूल नियमित रूप से शुरू हों और सभी विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में वास्तविक सुधार सुनिश्चित किया जा सके। (CG School Session Change 2027)



