चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, ग्रामीणों ने कपड़े फाड़े-अर्धनग्न कर बाल काटे

चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, ग्रामीणों ने कपड़े फाड़े-अर्धनग्न कर बाल काटे
Man Beaten in Balrampur Youth brutally beaten on suspicion of theft
Man Beaten in Balrampur: बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के धारानगर गांव में चोरी के आरोप में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तीन ग्रामीणों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक कोरंधा का रहने वाला श्रीकांत सिंह 21 मार्च को अपनी बाइक से करीब 8 किलोमीटर दूर धारानगर गांव पहुंचा था। आरोप है कि उसने किसान परशु मिंज के घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था।
यह भी पढ़ें:- मिडिल ईस्ट संकट पर भारत अलर्ट, PM मोदी ने की CCS की मैराथन बैठक, आम जनता को राहत देने पर जोर
परिवार महुआ बीनने के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान श्रीकांत ने पहले घर का ताला तोड़ने की कोशिश की और बाद में खिड़की तोड़कर अंदर घुस गया। घर के भीतर से उसने एक छोटी बोरी में सरसों और करीब 300 रुपए नगद चोरी कर ली और बाइक की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान ग्रामीणों को उस पर शक हुआ और उन्होंने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान युवक ने चोरी करना कबूल कर लिया। इसके बाद भी ग्रामीण नहीं रुके और उसे बीच सड़क पर अर्धनग्न कर दिया। उसके कपड़े फाड़ दिए गए और सिर के आधे बाल काट दिए गए। साथ ही पाइप के टुकड़े से उसकी जमकर पिटाई की गई। (Man Beaten in Balrampur)
पिता बचाने पहुंचे, उन्हें भी पीटा
घटना के दौरान युवक ने अपने पिता को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही पिता मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो ग्रामीणों ने खुद बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित युवक के पिता की शिकायत पर शंकरगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर तीन नामजद ग्रामीणों की पहचान कर उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। हालांकि अब तक चोरी की कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शंकरगढ़ थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। फिलहाल मामले की जांच जारी है। बता दें कि श्रीकांत सिंह पर पहले भी 4-5 बार चोरी के आरोप लग चुके हैं और वह आदतन अपराधी बताया जा रहा है।



