Chhattisgarh में माओवादी हिंसा का तांडव: धारदार हथियार से दो ग्रामीणों की नृशंस हत्या

Chhattisgarh : माओवादी हिंसा से लंबे समय से जूझ रहे छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh ) के बीजापुर जिले में एक बार फिर दहशत फैलाने वाली घटना सामने आई है। तर्रेम थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छुटवाई और बड़ा तर्रेम में अज्ञात माओवादियों ने दो ग्रामीणों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। यह वारदात 20 और 21 जुलाई की मध्यरात्रि को हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है।
जंगल ले जाकर की गई हत्या
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, माओवादी छुटवाई गांव निवासी कवासी जोगा (उम्र लगभग 55 वर्ष) और बड़ा तर्रेम निवासी मंगलू कुरसम (उम्र लगभग 50 वर्ष) को देर रात उनके घरों से बाहर बुलाकर जंगल की ओर ले गए। कुछ देर बाद दोनों की हत्या कर शवों को वहीं छोड़ दिया गया। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि वारदात को 4 से 5 हथियारबंद माओवादियों के समूह ने अंजाम दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, संदिग्ध सुराग मिले
घटना की सूचना मिलते ही तर्रेम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सुराग भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत, ग्रामीणों में डर का माहौल
इस घटना के बाद से छुटवाई और बड़ा तर्रेम सहित आसपास के गांवों में डर और सन्नाटा पसरा है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और माओवादियों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। (Chhattisgarh )



