Google Analytics —— Meta Pixel

घरेलू विवाद में एक ही परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने भी की आत्महत्या

Mass murder in America: अमेरिका के आयोवा राज्य के मस्कटीन शहर में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक शख्स ने अपने ही परिवार के 6 सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में पुलिस कार्रवाई के दौरान खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 12:12 बजे एक घर में गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आपातकालीन दल मौके पर पहुंचा, जहां घर के अंदर चार लोगों के शव बरामद किए गए। सभी की मौत गोली लगने से हुई थी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को आशंका हुई कि मामला सिर्फ एक स्थान तक सीमित नहीं है। इसके बाद पुलिस ने एक अन्य घर और एक स्थानीय व्यवसायिक प्रतिष्ठान से दो और शव बरामद किए। इन दोनों की मौत भी गोली लगने से हुई थी।

यह भी पढ़ें:- रूस का यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला, 18 की मौत, 90 से ज्यादा घायल, आर्मेनिया-रूस तनाव भी बढ़ा

पुलिस ने मामले में 52 साल के रयान विलिस मैकफारलैंड को मुख्य संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया था। घटना के बाद वह फरार हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। कुछ समय बाद पुलिस ने उसे मिसिसिपी नदी के किनारे एक ट्रेल पर ढूंढ निकाला। पुलिस के मुताबिक जब उससे पूछताछ की जा रही थी, उसी दौरान उसने खुद को गोली मार ली। मेडिकल टीम ने मौके पर ही उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात एक पारिवारिक विवाद से जुड़ी हुई थी। पुलिस का मानना है कि मृत सभी लोग आरोपी के ही रिश्तेदार थे। हालांकि अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है। (Mass murder in America)

पारिवारिक विवादों के बढ़ते गंभीर परिणाम

मस्कटीन पुलिस प्रमुख एंथनी कीस ने बताया कि शुरुआती जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि घटना घरेलू हिंसा का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल इलाके में किसी तरह का कोई सक्रिय खतरा नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, जिसमें यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की असली वजह क्या थी और घटना से पहले क्या परिस्थितियां बनी हैं। करीब 23 हजार की आबादी वाले मस्कटीन शहर में इस घटना ने गहरा सदमा पहुंचाया है। स्थानीय लोग इस बात को समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक पारिवारिक विवाद इतना भयावह रूप कैसे ले सकता है, जिसमें एक ही परिवार के कई सदस्य मारे गए। यह घटना अमेरिका में घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों के बढ़ते गंभीर परिणामों की एक और दर्दनाक उदाहरण बनकर सामने आई है। पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में मामले से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना है। (Mass murder in America)

Back to top button
error: Content is protected !!