रूस का यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला, 18 की मौत, 90 से ज्यादा घायल, आर्मेनिया-रूस तनाव भी बढ़ा

Russia Attacks Ukraine 2026: रूस ने मंगलवार रात यूक्रेन पर एक बार फिर बड़े पैमाने पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई और 90 से ज्यादा लोग घायल हो गए। राजधानी कीव, द्नीप्रो और अन्य शहरों में हुए इन हमलों ने कई रिहायशी इलाकों को भारी नुकसान पहुंचाया है। यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक अकेले कीव में 4 लोगों की मौत हुई और 58 लोग घायल हुए, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। शहर के 8 जिलों में रिहायशी इमारतें और नागरिक ढांचा बुरी तरह प्रभावित हुआ। दूसरी ओर द्नीप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के द्नीप्रो शहर में हुए हमलों में 6 लोगों की मौत और 36 लोग घायल हुए। राहत और बचाव कार्य के दौरान हुए एक दूसरे हमले में एक बचावकर्मी की भी जान चली गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
यह भी पढ़ें:- अवैध रेत उत्खनन पर राज्यपाल रमेन डेका सख्त, कहा- नदियों के अस्तित्व से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
द्नीप्रो में एक दो मंजिला मकान और चार मंजिला अपार्टमेंट का हिस्सा ढह गया, जबकि कई लोग मलबे में फंसे होने की आशंका है। कीव के पोदिल्स्की जिले में 9 मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों को नुकसान पहुंचा, वहीं सोलोमियांस्की जिले में 20 और 24 मंजिला इमारतें प्रभावित हुईं। हमलों के दौरान पूरे क्षेत्र में एयर रेड अलर्ट जारी किया गया और कई नागरिकों ने शेल्टर में शरण ली। राहतकर्मी रातभर मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे रहे। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पहले ही संभावित बड़े हमले को लेकर चेतावनी दी थी और नागरिकों से सतर्क रहने तथा अलर्ट का पालन करने की अपील की थी। यूक्रेन ने पश्चिमी देशों से अतिरिक्त एयर डिफेंस सिस्टम और मिसाइल सहायता की मांग दोहराई है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन हमलों को काफी हद तक रोका जा रहा है, लेकिन बैलिस्टिक मिसाइलें अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। (Russia Attacks Ukraine 2026)
रूस-आर्मेनिया संबंधों में तनाव तेज
फरवरी 2022 से जारी युद्ध के बीच यह हमला हाल के सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है। इधर, रूस और आर्मेनिया के बीच कूटनीतिक तनाव भी बढ़ता दिख रहा है। आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान ने रूस की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें यूरोपीय संघ (EU) में शामिल होने को लेकर जल्द जनमत संग्रह कराने की बात कही गई थी। रूस और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (EAEU) के सदस्य देशों ने हाल ही में आर्मेनिया से EU सदस्यता पर जनमत संग्रह कराने का आग्रह किया था, लेकिन पशिनयान ने इसे अव्यावहारिक और अनुचित बताया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का कहना है कि कोई भी देश एक साथ EAEU और EU दोनों का सदस्य नहीं रह सकता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पश्चिमी देशों के करीब जाने से यूक्रेन जैसा संकट पैदा हो सकता है। (Russia Attacks Ukraine 2026)
क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर सवाल
दोनों नेताओं के बीच हाल ही में फोन पर बातचीत भी हुई है। वहीं 7 जून को आर्मेनिया में होने वाले संसदीय चुनाव से पहले रूस की ओर से दबाव बढ़ने की खबरें भी सामने आ रही हैं। मॉस्को ने अपने राजदूत को वापस बुला लिया है और आर्मेनिया से मछली-समुद्री उत्पादों के आयात पर रोक लगा दी है। इससे पहले भी कई आर्मेनियाई उत्पादों पर प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। वहीं यूरोपीय संघ ने आरोप लगाया है कि रूस आर्थिक दबाव के जरिए आर्मेनिया की राजनीतिक प्रक्रिया और चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। एक तरफ रूस-यूक्रेन युद्ध में लगातार तेज होते हमले मानवीय संकट को और गहरा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर रूस और उसके पड़ोसी देशों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव भी तेजी से बढ़ रहा है। दोनों घटनाएं मिलकर क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।



