अमेरिका में खौफनाक वारदात, एक शख्स ने 8 बच्चों को गोलियों से भूना, मृतकों में आरोपी के 7 अपने बच्चे शामिल

Mass Shooting in America: अमेरिका के लुइसियाना राज्य के श्रेवेपोर्ट शहर में रविवार सुबह एक शख्स ने 8 बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतकों में से 7 बच्चे आरोपी के अपने ही थे। इस घटना को अमेरिका में इस साल की सबसे बड़ी मास शूटिंग घटनाओं में से एक माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6 बजे वेस्ट 79वीं स्ट्रीट के 300 ब्लॉक में हुई। आरोपी की पहचान 31 साल के शमार एल्किंस के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सात बच्चों को घर के अंदर गोली मारी गई, जबकि एक बच्चे को छत पर गोली लगी, जब वह जान बचाने के लिए भागने की कोशिश कर रहा था।
यह भी पढ़ें:- तमिलनाडु के पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 23 मजदूरों की मौत, कई घायल
पुलिस के मुताबिक हमले में असॉल्ट-स्टाइल हथियार का इस्तेमाल किया गया। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी को गोली मारी, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके बाद वह दूसरे घर गया, जहां उसने बच्चों और एक अन्य महिला पर गोली चला दी। दूसरी महिला एक मृत बच्चे की मां है, जिसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान जयला एल्किंस (3), शायला एल्किंस (5), कायला प्यू (6), लैला प्यू (7), मरकेडॉन प्यू (10), सारियाह स्नो (11), खेडारियन स्नो (6) और ब्रेलॉन स्नो (5) के रूप में हुई है। सभी बच्चों की उम्र 3 से 11 साल के बीच थी। इनमें सात सगे भाई-बहन और एक उनका कजिन शामिल था। (Mass Shooting in America)
आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत
हमले में एक 13 साल का लड़का भी घायल हुआ है, जो जान बचाने के लिए घर से भागा और छत से कूद गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक उसने बंदूक की नोक पर एक कार लूटकर भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा करने के दौरान पुलिस की गोली लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शमार एल्किंस को पहले 2019 में हथियार से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया जा चुका था। वह करीब सात साल तक लुइसियाना आर्मी नेशनल गार्ड में भी रह चुका था। शहर के मेयर टॉम आर्सेनो ने इस घटना को शहर की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक बताया। वहीं लुइसियाना के गवर्नर जेफ लैंड्री ने भी दुख जताते हुए कहा कि हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। यह बेहद दुखद और दिल तोड़ देने वाली घटना है। स्थानीय प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

सामूहिक गोलीबारी की भयावह घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया है, जिस इलाके में यह वारदात हुई, वहां आने-जाने पर रोक लगा दी गई है और फॉरेंसिक टीम हर पहलू की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि हमले की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। इस घटना के बाद एक बार फिर अमेरिका में लगातार बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं और गन कंट्रोल कानूनों पर बहस तेज हो गई है। 16 फरवरी को अमेरिका के रोड आइलैंड में एक हाई स्कूल हॉकी मैच के दौरान अचानक गोलीबारी हो गई थी। दोपहर के समय हुई इस घटना में 3 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें हमलावर भी शामिल था। 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के समय बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक मौजूद थे, जिससे दहशत और बढ़ गई।
मिनियापोलिस में ICE एजेंट ने की महिला की हत्या
8 जनवरी 2026 को मिनियापोलिस में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई थी, जब इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एक एजेंट ने कार में बैठी महिला को गोली मार दी। इस घटना में 37 साल की रेनी गुड की मौत हो गई थी। वह तीन बच्चों की मां थी। मामले की जांच के आदेश दिए गए और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। 27 नवंबर 2025 को व्हाइट हाउस के पास दो नेशनल गार्ड जवानों को गोली मार दी गई। इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया, जिसकी पहचान रहमानुल्लाह लाकनवाल (29) के रूप में हुई थी। FBI के अनुसार आरोपी एक अफगान शरणार्थी था। घटना ने राष्ट्रीय सुरक्षा और राजधानी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। (Mass Shooting in America)
अमेरिका में गन कल्चर का इतिहास
अमेरिका में गन कल्चर कोई नई बात नहीं है, बल्कि इसका इतिहास लगभग 230 साल पुराना है। 1791 में दूसरे संशोधन के तहत अमेरिकी नागरिकों को हथियार रखने और खरीदने का मौलिक अधिकार दिया गया। जब अमेरिका में अंग्रेजों का शासन था, तब वहां स्थायी सुरक्षा बल की कमी थी। ऐसे में नागरिकों को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हथियार रखने की अनुमति दी गई। यही परंपरा समय के साथ गन कल्चर के रूप में विकसित हो गई। आज स्थिति यह है कि कई जगहों पर बंदूक खरीदना उतना ही आसान माना जाता है, जितना रोजमर्रा की चीजें खरीदना। हालांकि यह तुलना बहस का विषय भी है और आलोचना का केंद्र भी।
क्या है अमेरिका का गन लॉ ?
अमेरिका में बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं के बीच गन कानून एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। देश में हथियारों की खरीद-बिक्री और उपयोग को नियंत्रित करने के लिए कई नियम बनाए गए हैं, जिनमें सबसे प्रमुख गन कंट्रोल एक्ट है। कानून के मुताबिक कोई भी व्यक्ति 18 साल की आयु पूरी करने के बाद राइफल या शॉटगन जैसे लंबे हथियार खरीद सकता है, हालांकि कई राज्यों में इसके लिए अतिरिक्त नियम भी लागू हो सकते हैं। छोटे और ज्यादा खतरनाक माने जाने वाले हथियारों जैसे हैंडगन खरीदने के लिए न्यूनतम उम्र 21 साल तय की गई है, ताकि कम उम्र के लोगों की पहुंच सीमित की जा सके, जो लोग हथियार बेचते हैं, उन्हें फेडरल लाइसेंस (FFL) लेना होता है और उनकी उम्र कम से कम 21 साल होनी चाहिए, ताकि जिम्मेदार और परिपक्व व्यक्ति ही इस व्यवसाय में शामिल हों।
किन लोगों को हथियार खरीदने की अनुमति नहीं
जो लोग कानून से भाग रहे हैं या फरार घोषित किए गए हैं, उन्हें किसी भी तरह का हथियार खरीदने या रखने की अनुमति नहीं होती, जिन लोगों को अदालत की ओर से मानसिक रूप से अयोग्य या अस्थिर घोषित किया गया है, वे गन खरीदने के पात्र नहीं होते, ताकि संभावित खतरे को रोका जा सके, जिन लोगों को गंभीर अपराधों में सजा हो चुकी है, खासकर जेल की सजा काट चुके अपराधी, उन्हें भी हथियार खरीदने या रखने की अनुमति नहीं दी जाती। लाइसेंस प्राप्त डीलर से हथियार खरीदते समय खरीदार का बैकग्राउंड चेक किया जाता है, जिसमें उसके आपराधिक रिकॉर्ड और मानसिक स्थिति की जांच होती है। अमेरिका के अलग-अलग राज्यों में गन कानूनों में भिन्नता हो सकती है। कुछ राज्य सख्त नियम लागू करते हैं, जबकि कुछ में नियम अपेक्षाकृत ढीले हैं। हालांकि गन कंट्रोल एक्ट के तहत ये नियम बनाए गए हैं, लेकिन लगातार बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं के कारण इन कानूनों की प्रभावशीलता पर सवाल उठते रहते हैं।

कई विशेषज्ञ सख्त गन कंट्रोल की मांग करते हैं, जबकि कुछ लोग दूसरा संशोधन के तहत मिले अधिकारों की रक्षा की बात करते हैं। अमेरिका का गन लॉ एक संतुलन बनाने की कोशिश करता है। एक तरफ नागरिकों को हथियार रखने का अधिकार देना और दूसरी तरफ सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना। हालांकि मौजूदा हालात में यह बहस जारी है कि क्या ये कानून पर्याप्त हैं या इनमें और सख्ती की जरूरत है। श्रेवेपोर्ट की यह घटना एक बार फिर अमेरिका में गन कंट्रोल और घरेलू हिंसा जैसे मुद्दों को केंद्र में ले आई है। मासूम बच्चों की इस निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है और यह सवाल खड़ा किया है कि आखिर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए और क्या कदम उठाए जाने चाहिए। (Mass Shooting in America)



