मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से PM मोदी का स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी संदेश, भारत-ऑस्ट्रेलिया ने लॉन्च किया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप, चेन्नई में होगा बिग बैश लीग का पहला मुकाबला

Melbourne Cricket Ground: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया, जहां क्रिकेट को भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए दोनों देशों ने ‘भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप’ लॉन्च किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ, पूर्व महिला क्रिकेटर लीजा स्थालेकर और अन्य खेल हस्तियां मौजूद रहीं। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनकी जर्सियों पर ऑटोग्राफ दिए, शेन वॉर्न स्टैंड का दौरा किया, सर डोनाल्ड ब्रैडमैन की प्रतिमा के सामने प्रधानमंत्री अल्बानीज के साथ तस्वीर खिंचवाई और ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक मैस्कॉट ‘रूबी द रू’ से भी मुलाकात की।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी के दौरे पर न्यूजीलैंड की विपक्षी लेबर पार्टी का बड़ा समर्थन, FTA को बताया दोनों देशों के रिश्तों का नया अध्याय
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने PM मोदी को एक क्रिकेट बैट भी भेंट किया, जो ऑस्ट्रेलिया की T20 बिग बैश लीग के उस सीजन ओपनर मैच की याद दिलाता है, जो मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच 12 दिसंबर को चेन्नई में खेला जाना है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि MCG में कदम रखते ही किसी भी भारतीय के मन में एक साथ दो भावनाएं जागती हैं। पहली, भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच का रोमांच और दूसरी, यह एहसास कि हमारे दोनों देशों में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक साझा जुनून है। फिर भी आज आखिरी ओवर के रोमांच का कोई दबाव नहीं है। इसके बजाय, यहां सिर्फ खेल की खुशी, हमारी दोस्ती की गर्माहट और भविष्य के चैंपियंस का जोश है। हमें अभी कबड्डी, ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल और क्रिकेट की दुनिया से जुड़े इन बच्चों से बातचीत करने का अवसर मिला। उनके जोश को देख कर लगा कि आज यहां बच्चों का एग्जिबिशन मैच नहीं है, भावी चैंपियन्स का ऑडिशन चल रहा है। उनके आत्मविश्वास और ऊर्जा से ये स्पष्ट है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया में खेलों का भविष्य बहुत उज्जवल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब भी मुझे अपने दोस्त प्रधानमंत्री अल्बानीज से मिलने का मौका मिला है, क्रिकेट हमारे बीच एक स्वाभाविक कड़ी रहा है। हमने अहमदाबाद में साथ मिलकर स्टेडियम का दौरा किया था और आज यहां आकर मैं खेल की भावना को सचमुच महसूस कर सकता हूं-खासकर तब जब स्टीव वॉ और लिसा स्थालेकर जैसे दिग्गज हमारे बीच मौजूद हों। प्रधानमंत्री अल्बानीज के साथ आज ‘भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप’ लॉन्च करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। इस पहल के जरिए हम न सिर्फ क्रिकेट, बल्कि दूसरे खेलों में भी सहयोग को मजबूत करेंगे। हम स्पोर्ट्स ट्रेनिंग, स्पोर्ट्स साइंस और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे और मैदान के अंदर और बाहर अपनी साझेदारी को मजबूत करेंगे। स्टीव वॉ की मेंटल टफनेस और लीजा स्थलेकर की ऑल राउंड एक्सिलेंस हमें याद दिलाते हैं कि चैंपियन बनने के लिए ‘टैलेंट, टेम्परामेंट और टेनेसिटी’, तीनों की आवश्यकता होती है। (Melbourne Cricket Ground)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेज़बानी करने जा रहा है। हम 2036 में भारत में ओलंपिक की मेजबानी करने की भी कोशिश कर रहे हैं। ब्रिस्बेन 2032 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा। इन ग्लोबल इवेंट्स की मेजबानी के लिए बड़े पैमाने पर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। मुझे खुशी है कि भारत के चेन्नई में बिग बैश लीग का एक मैच खेला जाएगा। किसी भी स्पोर्ट्स लीग के लिए, भारत में इवेंट आयोजित करने से उसकी पहुँच और दर्शकों की संख्या बहुत ज्यादा होने की गारंटी मिलती है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, टेस्ट क्रिकेट के जन्मस्थान, ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल के घर और ऑस्ट्रेलिया-भारत के बीच कई मशहूर मुकाबलों के गवाह रहे मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के पवित्र मैदान पर आपका फिर से स्वागत है। (Melbourne Cricket Ground)

उन्होंने कहा कि बस दो साल पहले, ऑस्ट्रेलिया और भारत के फैन्स ने 90 साल पुराना अटेंडेंस रिकॉर्ड तोड़ा था। बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का चौथा टेस्ट देखने के लिए पांच दिनों में 3,70,000 लोग इन गेट्स से गुजरे थे। यह हमारी प्रतिद्वंद्विता के बीच का जुनून और सम्मान है। यहां ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के दो ऐसे दिग्गजों का साथ मिलना बहुत सम्मान की बात है, जिन्हें भारत में भी बहुत पसंद और सम्मान दिया जाता है। लिसा स्थालेकर और स्टीव वॉ। आज मैंने घोषणा की है कि ऑस्ट्रेलिया पहली बार ‘बिग बैश लीग’ को भारत लाएगा। इस गर्मी में होने वाली बिग बैश लीग का पहला मैच मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच 12 दिसंबर को चेन्नई में खेला जाएगा। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के खेल, संस्कृति और बिजनेस से जुड़े ‘G’day Namaste’ फेस्टिवल की शुरुआत करेगा, जो एक हफ्ते तक चलेगा। बिजनेस काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया के नेतृत्व में एक सीनियर बिजनेस डेलिगेशन भी आएगा, जो उस इकोनॉमिक रोडमैप को आगे बढ़ाएगा, जिसे हमने पिछले साल ही लॉन्च किया था। (Melbourne Cricket Ground)

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि आज हम मानते हैं कि हमारे दोनों देशों में खेल भी एक गंभीर बिजनेस है। इसीलिए प्रधानमंत्री मोदी और मैं यहाँ ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेल सहयोग के लिए एक रोडमैप लॉन्च करने आए हैं, ताकि हमारी पुरानी पार्टनरशिप को और मजबूत किया जा सके। यह रोडमैप स्पोर्ट्स साइंस और बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स के आयोजन जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और निवेश के व्यापक अवसरों में भी मदद करेगा। साथ ही, यह उन नए क्षेत्रों को भी आगे बढ़ाएगा जिनमें दोनों देशों की समान रुचि है। भारत की ओर से 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी, ऑस्ट्रेलिया की ओर से 2032 ओलंपिक्स की मेजबानी और 2036 ओलंपिक्स के लिए भारत की दावेदारी जिसका ऑस्ट्रेलिया जरूर समर्थन करेगा। इसे देखते हुए हमारे सामने एक दशक के ऐसे मौके हैं, जिनमें दोस्ताना मुक़ाबले, ज़बरदस्त प्रतियोगिताएं और हर स्तर पर सहयोग बढ़ेगा।



