PM मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे से भारत की बढ़ी वैश्विक ताकत, रक्षा, ऊर्जा और निवेश में खुलेंगे नए रास्ते, कई अहम समझौतों पर लगी मुहर

PM Modi Australia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया का दौरा पूरा कर अपने अगले पड़ाव के लिए निकल चुके हैं। दौरे के समापन पर उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई सरकार, वहां की जनता और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए आभार व्यक्त किया। PM मोदी ने कहा कि इस यात्रा से भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई मजबूती मिली है और दोनों देशों के बीच सहयोग के कई नए रास्ते खुले हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह दौरा दोनों देशों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए लाभकारी साबित होगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी को विदाई दी। इसके बाद प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के अंतिम चरण के लिए न्यूजीलैंड के ऑकलैंड रवाना हो गए।
मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के बीच तीसरा वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ। इस दौरान दोनों देशों ने छह साल पुराने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। सबसे अहम घोषणा नई संयुक्त रक्षा और सुरक्षा सहयोग घोषणा की रही, जिसने 2009 के सुरक्षा समझौते की जगह ली। इसके तहत दोनों देश रक्षा अभ्यासों को और उन्नत करेंगे, सैन्य सहयोग बढ़ाएंगे और रक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल विकसित करेंगे। इसी कड़ी में भारत-ऑस्ट्रेलिया डिफेंस इनोवेशन कॉरिडोर स्थापित करने पर भी सहमति बनी, जिससे दोनों देशों के रक्षा स्टार्टअप, उद्योग और अनुसंधान संस्थान मिलकर नई तकनीकों पर काम करेंगे। (PM Modi Australia Visit)
परमाणु ऊर्जा और यूरेनियम निर्यात का रास्ता साफ
शिखर सम्मेलन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक 2015 के भारत-ऑस्ट्रेलिया परमाणु सहयोग समझौते को लागू करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना रहा। इससे अब ऑस्ट्रेलिया भारत को शांतिपूर्ण नागरिक परमाणु कार्यक्रमों के लिए यूरेनियम निर्यात कर सकेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्य और वर्ष 2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य को नई गति देगा। दोनों देशों ने PACTS (Partnership on Cyber, Critical Technologies and Supply Chains) लॉन्च किया। इसके जरिए साइबर सुरक्षा, महत्वपूर्ण तकनीकों और क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई चेन को मजबूत किया जाएगा। साथ ही जियोसाइंस ऑस्ट्रेलिया और जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के बीच समझौता हुआ, जिसके तहत दोनों देश महत्वपूर्ण खनिजों की खोज और मैपिंग में सहयोग करेंगे। इसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग के लिए आवश्यक खनिजों की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
गगनयान मिशन को मिलेगा ऑस्ट्रेलिया का सहयोग
भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मानव अंतरिक्ष मिशन को भी ऑस्ट्रेलिया का सहयोग मिलेगा। दोनों देशों ने कोकोस (कीलिंग) द्वीप समूह पर अस्थायी स्पेस ट्रैकिंग स्टेशन स्थापित करने पर सहमति जताई, जो गगनयान मिशन की निगरानी और तकनीकी सहायता में अहम भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद सिर्फ किसी एक देश की नहीं, बल्कि पूरी मानवता की चुनौती है। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों इस खतरे के खिलाफ मिलकर मजबूती से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और क्रिकेट, कबड्डी और ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल के मुकाबले देखे। उन्होंने कहा कि खेल दोनों देशों के बीच लोगों को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम है। दोनों देशों ने नई स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप के तहत खेल अवसंरचना, कोचिंग और युवा प्रतिभाओं के विकास में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया।
व्यापार और निवेश को नई रफ्तार
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (CECA) को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों को भारत के सड़क, रेल, बंदरगाह और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में निवेश का आमंत्रण दिया। दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पेंशन फंड ऑस्ट्रेलियनसुपर ने भारत के नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (NIIF) में 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के अतिरिक्त निवेश की घोषणा भी की। प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के विपक्ष के नेता एंगस टेलर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और मजबूत बनाने समेत भविष्य के सहयोग पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे पर विक्टोरिया में विपक्ष की नेता जेस विल्सन ने कहा कि सुबह प्रधानमंत्री मोदी से मिलना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी। मैं मेलबर्न और विक्टोरिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के सभी लोगों की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देती हूं। यह रिश्ता बहुत अहम है, जो व्यापार, लोगों के बीच आपसी संबंध, शिक्षा और खेल से जुड़ा है। प्रधानमंत्री ने इस रिश्ते को और मजबूत करने के अपने लक्ष्य के बारे में बात की और मेरा भी यही लक्ष्य है। प्रधानमंत्री ने मुझे भारत आने का न्योता दिया, यह सुनकर बहुत खुशी हुई। मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं। हमारे बीच एक शानदार परंपरा है, खासकर क्रिकेट के जरिए और मुझे लगता है कि इसे और बढ़ाने के बहुत मौके हैं। (PM Modi Australia Visit)
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में छाए PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी का दौरा ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में भी प्रमुखता से छाया रहा। प्रमुख अखबार The Australian ने पहले पन्ने पर “Modi comes bearing gifts on trade, defence” शीर्षक प्रकाशित किया, जबकि एक कॉलम में उन्हें “Mr India” बताया गया। वहीं The Age ने “Albanese’s Modi Operandi” शीर्षक के साथ इस यात्रा को प्रमुखता दी। ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्र ‘द ऑस्ट्रेलियन’ के पहले पन्ने की एक हेडलाइन में लिखा- मोदी व्यापार और रक्षा के क्षेत्र में तोहफे लेकर आए हैं। यह हेडलाइन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के आखिरी दिन छपी है। ऑस्ट्रेलिया यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचेंगे। यह उनकी विदेश यात्रा का अंतिम चरण होगा, जिसके बाद वे भारत लौटेंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ने विश्वास जताया है कि इस दौरे से द्विपक्षीय संबंधों को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को नया आयाम प्राप्त होगा।




