Google Analytics —— Meta Pixel

आधी रात को महंगाई का झटका: घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा, राजधानी रायपुर में अब 1000 पार

LPG Price Hike : केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका दिया है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।

वही छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की नई दर बढ़कर ₹1,013.00 हो गई है। आज यानी 7 जून 2026 से देश भर के साथ-साथ रायपुर में भी घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दामों में ₹29 की बढ़ोतरी की गई है, जिससे पहले ₹984 में मिलने वाला सिलेंडर अब ₹1,013 का हो गया है।

यह पिछले तीन महीनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में दूसरी वृद्धि है। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर के दाम में लगभग 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। (LPG Price Hike)

पश्चिम एशिया संकट का असर

सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता के चलते कच्चे तेल एवं अन्य ईंधनों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी का असर अब घरेलू एलपीजी की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि हालिया मूल्य वृद्धि के बावजूद तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी की बिक्री पर होने वाले नुकसान की पूरी भरपाई नहीं हो पाएगी।

हर सिलेंडर पर भारी घाटा

सूत्रों के मुताबिक, कीमतों में संशोधन से पहले सरकारी तेल कंपनियों को प्रत्येक घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था। इसी कारण कंपनियां लंबे समय से कीमतों में संशोधन की मांग कर रही थीं।

पेट्रोल, डीजल और CNG भी महंगे

एलपीजी के साथ-साथ अन्य ईंधनों की कीमतों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। मई के मध्य से अब तक पेट्रोल और डीजल के दाम करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं। वहीं सीएनजी की कीमतों में लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है।

कंपनियां अब भी घाटे में

सूत्रों का दावा है कि हालिया बढ़ोतरी के बाद भी सरकारी तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल को लागत से कम कीमत पर बेच रही हैं। कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर लगभग 33.6 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी लागत का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला है और उसका एक हिस्सा तेल कंपनियां स्वयं वहन कर रही हैं।

घरेलू बजट पर पड़ेगा असर

एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि रसोई गैस महंगी होने से घरेलू खर्च बढ़ेगा और महंगाई का दबाव और अधिक महसूस हो सकता है। अलग-अलग राज्यों में कर एवं स्थानीय शुल्क के कारण सिलेंडर की खुदरा कीमतों में कुछ अंतर हो सकता है। (LPG Price Hike)

Back to top button
error: Content is protected !!