आस्था के केंद्र हमारी सांस्कृतिक पहचान: कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप

Minister Kashyap in Ambikapur: अंबिकापुर के मां महामाया मंदिर परिसर में भव्य प्रवेश द्वार के लोकार्पण समारोह का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की। उन्होंने सरगुजा अंचल की आराध्य देवी मां महामाया का आशीर्वाद लेकर पूरे प्रदेश की सुख, शांति और समृद्ध की कामना की। वन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे आस्था के केंद्र हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। इनका संरक्षण करना हम सब की जिम्मेदारी है। मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान मंदिर परिसर में भव्य द्वार खुलना हम सबके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है, मां महामाया के नाम से ही सरगुजा की पहचान है। उन्होंने कहा कि महामाया कि कृपा से सरगुजा आज तेजी से आगे बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें:- माताओं और बच्चों का उत्तम स्वास्थ्य बनेगा प्रदेश की समृद्धि का आधार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार द्वारा सरगुजा अंचल में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में गांव गरीब और किसानों के साथ ही सभी वर्गों के बेहतरी और उन्नति के लिए कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर विधायक रामकुमार टोप्पो, राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर,भारत सिंह सिसोदिया, पूर्व सांसद कमलभान सिंह स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इसके अलावा जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने सरगुजा संभाग के निर्माणाधीन और स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को इन परियोजनाओं को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। (Minister Kashyap in Ambikapur)
उन्होंने कहा कि सरगुजा संभाग की जल संसाधन परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा। सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। अधिकारी परियोजना साइट पर जाकर कार्यों का सतत रूप से मॉनिटरिंग करें। जल संसाधन मंत्री कश्यप ने कहा कि आमजन की सुविधा और कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी ठेकेदारों पर नियंत्रण रखें। सभी कार्य समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर प्रगतिरत योजनाओं को पूर्ण किया जाए। बैठक में घुनघुट्टा परियोजना द्वारा अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने और बांकी डैम में जल की निरंतर उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घुनघुट्टा जलाशय के किनारे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में जल संसाधन विभाग के विशेष सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो, कलेक्टर विलास भोसकर, प्रमुख अभियंता इंद्रजीत उइके, समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। (Minister Kashyap in Ambikapur)




