Google Analytics —— Meta Pixel

जशपुर में बच्चे को जन्म देने के बाद 15 साल की पहाड़ी कोरवा लड़की की मौत, यूपी में युवक से बने थे प्रेम संबंध

Minor Girl Dies After Childbirth: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बच्चे को जन्म देने के बाद 15 साल की एक पहाड़ी कोरवा लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई। नाबालिग विशेष संरक्षित जनजाति से ताल्लुक रखती थी। उसने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ा। आखिरकार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। राहत की बात यह है कि नवजात की हालत फिलहाल ठीक है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक नाबालिग जशपुर जिले के सन्ना ब्लॉक की रहने वाली थी। 

यह भी पढ़ें:- CM विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रमेन डेका से की मुलाकात, दीपावली की दी शुभकामनाएं

कुछ समय पहले वह मजदूरी करने के लिए अन्य लोगों के साथ उत्तर प्रदेश के गोरखपुर गई थी। वहां काम के दौरान उसका परिचय लरिकाकोना के रहने वाले एक युवक से हुआ। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। इसी दौरान लड़की गर्भवती हो गई। गर्भवती होने के बाद वह वापस अपने घर लौट आई थी। बताया जा रहा है कि नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी परिजनों को थी। सोमवार को उसने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल सन्ना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जशपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। (Minor Girl Dies After Childbirth)

अत्यधिक रक्तस्राव से हुई नाबालिग की मौत 

जशपुर जिला अस्पताल में भी लड़की की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। शुक्रवार को इलाज के दौरान नाबालिग की मौत हो गई। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृ और शिशु स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर्स के मुताबिक प्रसव के बाद किशोरी को अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था। इसी वजह से उसकी हालत गंभीर हो गई थी। डॉक्टर लगातार उसका इलाज कर रहे थे, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसकी मौत हो गई। वहीं नवजात बच्चे की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। महज 15 साल की उम्र में प्रसव के बाद नाबालिग की मौत ने एक बार फिर कम उम्र में गर्भधारण, मातृ स्वास्थ्य और विशेष संरक्षित जनजाति समुदाय की लड़कियों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!