Google Analytics —— Meta Pixel

धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर नाबालिग लड़की का अपहरण, दुष्कर्म और जबरन मतांतरण का भी खुलासा

Minor Girl Kidnapped in Surajpur: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र से नाबालिग के अपहरण, शारीरिक शोषण और जबरन धर्मांतरण का मामला सामने आया है। प्रतापपुर पुलिस ने एक पास्टर, उसकी पत्नी और पिता-पुत्र समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने तीन दिन बाद अपहृत नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक 25 दिसंबर को पीड़िता की मां ने प्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताय था कि 24 दिसंबर की शाम करीब पांच बजे उसके चारों बच्चे एक व्यक्ति के घर क्रिसमस का कार्यक्रम मनाने गए थे।

यह भी पढ़ें:- सांस लेना हुआ दूभर, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर असर, कोंडागांव में डामर प्लांट से फैल रहा जहर…!

पीड़िता की मां के मुताबिक कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा और सभी बच्चे वहीं रुक गए। रात करीब तीन बजे जब मां बेटी को देखने पहुंची तो पास्टर की पत्नी सुनीता ने यह कहकर रोक दिया कि वह खुद बच्ची को देखने जा रही है। इसके बाद सुबह तक नाबालिग घर नहीं लौटी। 25 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे पीड़िता की मां को राजेश कुमार विश्वकर्मा का फोन आया। कॉल में राजेश ने बताया कि वह बच्ची को अपने साथ ले गया है और अब उसे अपने पास ही रखेगा। इस बातचीत के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

अपहरण का केस दर्ज, 3 दिन बाद नाबालिग बरामद

शिकायत के आधार पर प्रतापपुर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया। SP प्रशांत ठाकुर के निर्देश और थाना प्रभारी अमित कौशिक के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को राजपुर थाना क्षेत्र के धंधापुर गांव से सुरक्षित बरामद किया और सुरक्षा के मद्देनजर उसे अंबिकापुर स्थित सखी सेंटर भेजा गया। जांच के दौरान नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण की पुष्टि हुई। साथ ही यह भी सामने आया कि पीड़ित परिवार पर लंबे समय से धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर ही नाबालिग के अपहरण की साजिश रची गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट, अपहरण, दुष्कर्म और धर्मांतरण विरोधी कानून की धाराएं जोड़ी।

नशा छुड़ाने के नाम पर शुरू हुआ मतांतरण

पुलिस ने राजेश कुमार विश्वकर्मा, उसके पिता खैरू, पास्टर रामखेलावन और उसकी पत्नी सुनीता को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी राजेश कुमार और पास्टर रामखेलावन के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पास्टर पिछले करीब 15 सालों से इलाके में सक्रिय था और प्रलोभन के जरिए मतांतरण कराने के आरोप सामने आए हैं। पीड़िता की मां ने बताया कि कुछ साल पहले पास्टर रामखेलावन उनके घर आया था और शराब छुड़ाने के नाम पर प्रार्थना कराने का प्रलोभन दिया। इसी दौरान परिवार का धर्म परिवर्तन कराया गया। (Minor Girl Kidnapped in Surajpur)

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पीड़िता की मां ने आगे बताया कि सामाजिक दबाव के चलते परिवार ने बाद में अपने मूल धर्म में वापसी कर ली, जिससे आरोपी नाराज थे। वहीं पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने नाराजगी जताई है। साथ ही लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बता दें कि इस वक्त छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर बवाल मचा हुआ है। ऐसे में यह मामला विवाद को और भड़का सकता है। (Minor Girl Kidnapped in Surajpur)

Back to top button
error: Content is protected !!