Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई शुरू, तापमान में गिरावट, ठंड ने दी दस्तक

Monsoon Depart in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मानसून अब धीरे-धीरे विदा ले रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा से लेकर रायपुर और कांकेर तक मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। जबकि राज्य के कुछ दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना अभी भी बनी हुई है। 16 अक्टूबर तक पूरे राज्य से मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और कांकेर जैसे जिलों से विदाई ले ली है। बता दें कि इस साल मानसून की छत्तीसगढ़ में एंट्री सुकमा जिले से हुई थी और अब कांकेर जिले से वापसी हो रही है।

यह भी पढ़ें:- सौम्या चौरसिया ने 17 साल की सेवा में 50 करोड़ की अवैध कमाई, EOW ने दायर की 10,000 पन्नों की चार्जशीट

वर्तमान में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में वातावरण शुष्क होता जा रहा है और सुबह-शाम हल्की ठंडक का अनुभव किया जा रहा है। राज्य के अधिकांश इलाकों में नमी में गिरावट दर्ज की गई है, जो मानसून के लौटने का स्पष्ट संकेत है। हालांकि राज्य के दक्षिणी हिस्से विशेष रूप से बस्तर संभाग में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने यहां बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। यह बारिश अगले 2 से 5 दिनों तक जारी रह सकती है। (Monsoon Depart in Chhattisgarh)

तापमान में गिरावट, ठंड ने दी दस्तक

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी रेखा अब 14° उत्तर और 72° पूर्व से होकर गुजर रही है, जो कोंडागांव, कांकेर, सागर द्वीप और गुवाहाटी जैसे क्षेत्रों को प्रभावित कर रही है। इस रेखा के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में मानसून अब निष्क्रिय हो चुका है।पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। अंबिकापुर में भी न्यूनतम तापमान 18.6°C रिकॉर्ड किया गया, जहां लोगों ने सुबह-सुबह हल्की ठंडक का अनुभव किया। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 19.5°C और राजधानी रायपुर में 22.9°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1 से 2 डिग्री कम है। (Monsoon Depart in Chhattisgarh)

पोस्ट-मानसून बारिश का दौर

इस गिरावट से साफ है कि राज्य में सर्दी ने दस्तक दे दी है, और मौसम अब तेजी से करवट ले रहा है। इन तापमान आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य में ठंड ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में सुबह-रात की सर्दी और बढ़ेगी। मानसून की वापसी का यह चरण खरीफ फसलों की कटाई और रबी फसलों की बुआई के लिए बेहद अहम माना जाता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार ठंड की शुरुआत सामान्य से पहले हो सकती है, जो रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के अंत तक हुई बारिश को ही मानसून की बारिश माना जाता है। इसके बाद की बारिश को पोस्ट-मानसून श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे में अब जो बारिश बस्तर संभाग में हो रही है, वह पोस्ट-मानसून के तहत मानी जा रही है।

छत्तीसगढ़ में 1212.3 मिलीमीटर बारिश 

छत्तीसगढ़ में अब तक 1212.3 मिलीमीटर औसत बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक दंतेवाड़ा जिले में सर्वाधिक 1646.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 554.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। रायपुर संभाग के रायपुर जिले में 1159.6 मिलीमीटर, बलौदाबाजार में 1004.8 मिलीमीटर, गरियाबंद में 1234.9 मि.मी, महासमुंद में 1065.1 मिलीमीटर और धमतरी में 1149.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई है। बिलासपुर संभाग के बिलासपुर जिले में 1205.1 मिलीमीटर, मुंगेली में 1183.0 मिलीमीटर, रायगढ़ में 1396.7 मिलीमीटर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1116.1 मिलीमीटर, जांजगीर-चांपा में 1413.5 मिलीमीटर, सक्ती में 1274.2 मिलीमीटर, कोरबा में 1179.3 मिलीमीटर और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 1112.9 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई है।

दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में बारिश

दुर्ग संभाग के दुर्ग जिले में 948.2 मिलीमीटर, कबीरधाम में 892.0 मिलीमीटर, राजनांदगांव में 1012.5 मिलीमीटर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1462.0 मिलीमीटर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 919.1 मिलीमीटर और बालोद में 1317.0 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई है। सरगुजा संभाग के सरगुजा जिले में 799.0 मिलीमीटर, सूरजपुर में 1183.2 मिलीमीटर, बलरामपुर में 1580.4 मिलीमीटर, जशपुर में 1105.3 मिलीमीटर, कोरिया में 1253.4 मिलीमीटर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1138.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई है। बस्तर संभाग के बस्तर जिले में 1635.3 मिलीमीटर, कोंडागांव जिले में 1213.5 मिलीमीटर, कांकेर में 1421.8 मिलीमीटर, नारायणपुर में 1474.4 मिलीमीटर, सुकमा जिले में 1323.8 मिलीमीटर और बीजापुर जिले में 1632.4 मिलीमीटर की औसत बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।

Back to top button
error: Content is protected !!