Parliament Monsoon Session : संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 12 अगस्त तक, ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष सत्र की मांग खारिज

Parliament Monsoon Session : संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई से 12 अगस्त तक होगा। आगामी मॉनसून सत्र के बारे में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू जानकारी दी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति ने तारीखों की सिफारिश की है।
आगामी मॉनसून संसद सत्र (Parliament Monsoon Session) में केंद्र सरकार दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश और वर्तमान में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में स्थानांतरित जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव भी लाएगी। सूत्रों के अनुसार, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू इस मामले को लेकर सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से चर्चा करेंगे। यह कदम मार्च में दिल्ली स्थित जस्टिस यशवंत वर्मा के आवास पर आग लगने की घटना के बाद उठाया गया है, जब बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई थी।
16 विपक्षी दलों ने लिखी थी पीएम मोदी को चिट्ठी
संसदीय कार्य मंत्री ने सभी दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि यह सत्र (Parliament Monsoon Session) सुचारू रूप से चले और देशहित में सकारात्मक चर्चा हो। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप संसद को कार्य करना चाहिए। विपक्ष की भागीदारी लोकतंत्र की आत्मा है, और हम सभी से रचनात्मक सहयोग की आशा करते हैं।
गत दिवस कांग्रेस समेत 16 विपक्षी दलों ने पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी थी । विपक्षी दलों ने पीएम मोदी को संयुक्त चिट्ठी लिखकर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की थी।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला संसद सत्र
बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला संसद सत्र होगा। माना जा रहा है कि यह सत्र भी हंगामेदार रह सकता है क्योंकि विपक्षी दल पहलगाम हमले पर चर्चा कराने के लिए पहले से ही संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं। एक दिन पहले ही इंडिया अलायंस के 16 दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बारे में चिट्ठी लिखी है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने गिनाए सवाल
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट किया, “हम, इंडिया अलायंस के नेता, 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद के घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने के अपने सामूहिक और तत्काल अनुरोध को दोहराते हैं।” उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी सहित अन्य प्रमुख विपक्षी नेताओं द्वारा हस्ताक्षरित पत्र का हवाला भी दिया है।
केंद्र सरकार पर देशवासियों और उनके निर्वाचित प्रतिनिधियों को अंधेरे में रखने का आरोप लगाते हुए, खड़गे ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले और भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए सैन्य संघर्ष के दौरान पुंछ, उरी और राजौरी में नागरिकों की हत्या के बारे में कई गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि “युद्धविराम की घोषणाओं” और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति पर उनके प्रभावों के बारे में भी सवाल उपजे हैं।



