Google Analytics —— Meta Pixel

Gen Z आंदोलन से जल उठा मोरक्को, पुलिस फायरिंग में 3 की मौत, बैंक फूंके, हॉस्पिटल बना ‘डेथ हब’

Morocco Gen Z Protest: उत्तरी अफ्रीकी देश मोरक्को में स्वास्थ्य और शिक्षा सुधारों की मांग को लेकर शुरू हुआ Gen Z आंदोलन अब उग्र रूप ले चुका है। राजधानी रबात समेत कई प्रमुख शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए, जिनमें बैंक जलाए गए, दुकानों और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और पुलिस के साथ झड़पें हुईं। प्रदर्शन के दौरान आगादिर शहर में पुलिस फायरिंग में तीन युवाओं की मौत हो गई, जबकि 354 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 260 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। मोरक्को के गृह मंत्रालय ने बताया कि अब तक 1,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ की लखपति दीदियां बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल : सीएम साय

मंत्रालय का कहना है कि प्रदर्शनकारियों में लगभग 70% नाबालिग हैं। मोरक्को सरकार 2030 फीफा वर्ल्ड कप और अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के आयोजन के लिए 10 अरब डॉलर (करीब 8.8 लाख करोड़ रुपए) खर्च कर रही है। वहीं देश के सरकारी अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। आगादिर के हसन-2 हॉस्पिटल में हाल ही में 8 महिलाओं की मौत के बाद उसे स्थानीय लोग डेथ हॉस्पिटल कहने लगे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक मोरक्को में प्रति 1,430 लोगों पर एक डॉक्टर है, जो वैश्विक औसत (590) से ढाई गुना कम है।

सोशल मीडिया से उठी चिंगारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह आंदोलन “GenZ 212” के नाम से पहचाना जा रहा है। यह नाम मोरक्को के इंटरनेशनल टेलीफोन कोड +212 पर आधारित है और यह दर्शाता है कि यह आंदोलन पूरी तरह युवा नेतृत्व वाला है। नेपाल की तरह यहां भी कोई औपचारिक नेता नहीं है। आंदोलन पूरी तरह सोशल मीडिया (TikTok, Discord) के जरिए संगठित किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के बाद आंदोलन को और गति मिली। गिरफ्तार लोगों में मोरक्को के मशहूर फुटबॉल गोलकीपर यासीन बौनू और लोकप्रिय रैपर एल ग्रांडे टोटो का नाम सामने आया है, जिससे आंदोलन को और भी बड़ा जनसमर्थन मिला। (Morocco Gen Z Protest )

बढ़ती बेरोजगारी भी आंदोलन की बड़ी वजह

देश में कुल बेरोजगारी दर 12.8% है, लेकिन युवा बेरोजगारी 35.8% और स्नातक युवाओं में 19% तक पहुंच गई है। यह गहरी सामाजिक और आर्थिक असमानता युवाओं में गुस्से की प्रमुख वजह बन रही है। बुधवार को आंदोलन ने हिंसक मोड़ ले लिया। राजधानी रबात, व्यावसायिक केंद्र कासाब्लांका, बंदरगाह शहर टैंजियर और पर्यटन स्थल माराकेश तक विरोध फैल गया। माराकेश में प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता रशीद अल खल्फी ने बताया कि देशभर में 409 लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रदर्शन के दौरान 40 पुलिस वाहन और 20 निजी कारों में आग लगा दी गई।

वैश्विक युवा आंदोलनों से जुड़ाव

मोरक्को का यह युवा विद्रोह नेपाल, इंडोनेशिया, फिलीपींस और मेडागास्कर जैसे देशों में हाल ही में हुए युवा आंदोलनों की कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है। नेपाल में विरोध के बाद प्रधानमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा था, जबकि मेडागास्कर के राष्ट्रपति को सरकार भंग करनी पड़ी। GenZ 212 आंदोलन यह संकेत देता है कि सोशल मीडिया के जरिए संगठित होने वाली नई पीढ़ी की आवाज को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मोरक्को जैसे देशों में जहां सरकारी प्राथमिकताएं जनता की बुनियादी जरूरतों से भटकी हुई हैं, वहां युवाओं का असंतोष किसी भी वक्त विस्फोट का रूप ले सकता है। (Morocco Gen Z Protest )

Back to top button
error: Content is protected !!