तेल बेचने वाला रूस अब खुद एक-एक बूंद पेट्रोल को तरसा, पुतिन ने इस छोटे पड़ोसी देश के आगे फैलाए हाथ ! यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद हाहाकार

Moscow Refinery Attack: जो रूस कल तक भारत, चीन समेत पूरी दुनिया को रिकॉर्ड मात्रा में कच्चा तेल बेचकर अरबों कमा रहा था, आज उसी पुतिन के देश में पेट्रोल की एक-एक बूंद के लिए त्राहि-त्राहि मची है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि दुनिया का एनर्जी पावरहाउस कहा जाने वाला रूस अब अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने छोटे से पड़ोसी देश कजाकिस्तान के सामने हाथ फैलाने को मजबूर हो गया है। 18 जून 2026 की तारीख रूस के इतिहास में एक काले दिन के रूप में दर्ज हो चुकी है, जब यूक्रेन के अत्याधुनिक ड्रोन्स ने रूस के उस घमंड को तोड़ दिया, जिसके दम पर वह पिछले चार सालों से युद्ध लड़ रहा था।
एयर डिफेंस फेल, 40% ईंधन सप्लाई ठप
18 जून को यूक्रेन के विनाशकारी और आत्मघाती ड्रोन्स ने रूस की राजधानी मॉस्को में स्थित बेहद अहम कपोत्न्या रिफाइनरी को निशाना बनाया। यह हमला इतना सटीक और घातक था कि रूस का बेहद आधुनिक माना जाने वाला एयर डिफेंस सिस्टम भी इसे रोकने में पूरी तरह नाकाम रहा। आसमान छूती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार इस बात की गवाही दे रहा था कि युद्ध अब यूक्रेन की सीमाओं से निकलकर पुतिन के घर यानी मॉस्को तक पहुंच चुका है। पलभर में पूरी रिफाइनरी मलबे और शोलों में तब्दील हो गई। बता दें कि अकेले यह रिफाइनरी पूरे मॉस्को क्षेत्र की लगभग 40% ईंधन की जरूरत को पूरा करती थी। इस एक हमले ने रूस की रीढ़ माने जाने वाले एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को हिलाकर रख दिया है।
इस हमले का नतीजा अब रूस की जनता भुगत रही है। मॉस्को से लेकर सेंट पीटर्सबर्ग तक, पेट्रोल पंपों पर किलोमीटर लंबी लाइनें लगी हैं। रूसी सरकार ने अब तक जिस इन्फॉर्मेशन बबल को बनाकर जंग की कड़वी हकीकत को अपनी जनता से छुपा रखा था, यूक्रेन के ड्रोन्स ने उसे हवा में उड़ा दिया है। सोशल मीडिया पर मॉस्को के एक पेट्रोल पंप का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक रूसी नागरिक बंद पड़े पेट्रोल पंप और गाड़ियों की लंबी कतार को दिखाते हुए गुस्से में कह रहा है कि ये रहा पेट्रोल पंप, ये बंद है, और सारा ट्रैफिक यहीं लगा हुआ है। ध्यान से देख लो, ये मॉस्को है, क्रीमिया नहीं। (Moscow Refinery Attack)
पुतिन ने कजाकिस्तान से मांगी मदद
इस ऐतिहासिक ईंधन संकट से उबरने के लिए अब पुतिन सरकार ने कजाकिस्तान का दरवाजा खटखटाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस ने कजाकिस्तान से तुरंत 50,000 टन पेट्रोल सप्लाई करने की मांग की है। हालांकि रूस की इस मांग ने कजाकिस्तान को एक बेहद मुश्किल कूटनीतिक और रणनीतिक धर्मसंकट में डाल दिया है। कजाकिस्तान न तो रूस को खुलकर हां कह पा रहा है और न ही ना। कजाकिस्तान के इस असमंजस के पीछे दो बड़ी वजहें हैं। पहला- कजाकिस्तान का ज्यादातर कच्चा तेल रूसी पाइपलाइनों और बंदरगाहों के जरिए ही दुनिया के बाजारों में जाता है। रूस पहले भी दबाव बनाने के लिए इन रास्तों को रोकने की धमकी दे चुका है। दूसरा- कजाकिस्तान को सबसे बड़ा डर यूक्रेन का है। उसे अंदेशा है कि अगर उसने रूस की मदद की तो यूक्रेन के खतरनाक ड्रोन उसके उन बुनियादी ढांचों को भी निशाना बना सकते हैं, जो रूसी क्षेत्र से गुजरते हैं।
रिफाइनिंग क्षमता 15 प्रतिशत गिरी
साल 2022 से शुरू हुआ यह युद्ध साल 2026 में आकर एक महा-विनाश का रूप ले चुका है। यूक्रेन ने रणनीति बदलते हुए इस बार सीधे पुतिन के उस पावर सेंटर पर हमला किया है, जो इस पूरे युद्ध की फंडिंग कर रहा था। यूक्रेन की ड्रोन आर्मी अब तक रूस की 10 से ज्यादा बड़ी तेल रिफाइनरियों पर सफल हमले कर चुकी है। इन हमलों के कारण रूस की तेल रिफाइनिंग क्षमता में 15% तक की भारी गिरावट आई है। कच्चा तेल होने के बावजूद रिफाइनरियों के तबाह होने से रूस पेट्रोल के लिए मोहताज हो गया है। पश्चिमी देशों के कड़े प्रतिबंधों और अब तेल संकट के कारण रूस की करेंसी रूबल लगातार कमजोर हो रही है, जिससे उसे अरबों डॉलर का नुकसान हो रहा है। (Moscow Refinery Attack)
आखिर कहां रुकेगी यह जंग ?
चार साल से चल रहे इस भीषण युद्ध ने विनाश का ऐसा मंजर दिखाया है, जिसने पूरी दुनिया को दहला दिया है। दोनों तरफ के सैन्य और नागरिक मिलाकर अब तक लाखों लोग मारे या घायल हो चुके हैं। यूक्रेन में तबाही का आलम यह है कि लाखों रिहायशी इमारतें, स्कूल, अस्पताल और वहां का पूरा पावर ग्रिड मलबे के ढेर में तब्दील हो चुका है, लेकिन यूक्रेन के इन पलटवारों ने साबित कर दिया है कि वह झुकने को तैयार नहीं है। अब देखना यह होगा कि क्या कजाकिस्तान अपनी सुरक्षा को जोखिम में डालकर रूस की मदद के लिए आगे आता है या फिर पुतिन का यह ईंधन संकट रूस के भीतर ही किसी बड़े घरेलू विद्रोह और तख्तापलट की वजह बनता है। (Moscow Refinery Attack)




