सोशल मीडिया पोस्ट के चलते विवाद, नाबालिग ने चाकू मारकर की युवक की हत्या, परिजन ने 1 करोड़ का मांगा मुआवजा

Murder in Bemetara: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सोशल मीडिया पर विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के लालपुर गांव का है, जहां 23 साल के टार्जन गायकवाड़ की हत्या हरदी गांव में रहने वाले नाबालिग ने कर दी। घटना के बाद परिजन ने थाने का घेराव और चक्काजाम किया। दरअसल, 25 सितंबर की शाम लगभग 7 बजे लालपुर का रहने वाला टार्जन गायकवाड़ अपने दोस्त के साथ गांव के चौक पर बैठा था। उसी दौरान हरदी गांव का रहने वाला एक 19 साल नाबालिग वहां आया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो इतना बढ़ा कि नाबालिग ने टार्जन के पेट में चाकू घोंप दिया और वहां से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें:- कवर्धा में युवती से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार, जुलूस के दौरान आदिवासी समाज और पुलिस के बीच झड़प
लहूलुहान टार्जन को तत्काल नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट को हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। दरअसल, आरोपी ने कुछ दिनों पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी डाली थी, जिसमें कथित तौर पर लिखा था कि “सतनामियों को एक-एक करके मारेंगे।” टार्जन गायकवाड़ ने नाबालिग से स्टोरी हटाने के लिए कहा था। इसके बाद आरोपी ने टार्जन को देख लेने की धमकी दी थी, जिसे लेकर विवाद और तनाव के बाद वह डेढ़ महीने से फरार था। 24 सितंबर की शाम वह अचानक गांव लौटा और टार्जन के पेट पर चाकू से हमला कर दिया। (Murder in Bemetara)
जय श्रीराम के नारे से उपजा विवाद
परिजनों ने बताया कि विवाद की जड़ें 14 अगस्त 2025 को हुई एक घटना से जुड़ी हैं। प्रतापपुर स्कूल के छात्रों ने गांव में तिरंगा यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” के नारे लगाए थे, जिससे गांव में सतनामी और साहू समाज के बीच विवाद शुरू हुआ। इसके बाद स्कूल शिक्षक टंडन गुरुजी को भी विवाद के कारण ट्रांसफर कर दिया गया था। इसी सामाजिक तनाव ने सोशल मीडिया पर विकृत रूप लिया, जहां आरोपी ने घृणास्पद पोस्ट डाली। घटना के बाद टार्जन के पिता गुलाब गायकवाड़ ने कहा कि मेरे बेटे की हत्या सिर्फ इसलिए हुई, क्योंकि उसने समाज के खिलाफ अपमानजनक बातें कहने से मना किया। मैं चाहता हूं कि आरोपी को फांसी की सजा मिले और मेरी बेटी को सरकारी नौकरी दी जाए। (Murder in Bemetara)
समाज की प्रमुख मांगें
- आरोपी को फांसी की सजा दी जाए
- मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा
- मृतक की बहन को सरकारी नौकरी दी जाए
- सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले सोशल मीडिया कंटेंट पर सख्त कार्रवाई हो
सतनामी समाज ने किया थाने का घेराव
घटना के तुरंत बाद सतनामी समाज के सैकड़ों लोग भी नवागढ़ थाना पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। 26 सितंबर की सुबह समाज के लोगों ने नवागढ़ मुख्य चौक पर चक्काजाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में आवागमन ठप हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी कौशल्या साहू और एसडीएम दिव्या पोटाई मौके पर पहुंची। एसडीओपी ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर पोस्ट से विवाद की शुरुआत हुई थी और पूर्व में भी दोनों समाजों के बीच तनाव था। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। एसडीएम दिव्या पोटाई ने कहा कि समाज की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। (Murder in Bemetara)
समाज ने दिया 10 दिन का अल्टीमेटम
प्रशासन की समझाइश के बाद सतनामी समाज ने चक्काजाम को समाप्त कर दिया, लेकिन उन्होंने सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। अगर इस अवधि में उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है। फिलहाल नाबालिग आरोपी से पूछताछ जारी है। धारा 302 (हत्या), आईटी एक्ट, और सामाजिक सौहार्द भंग करने की अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच भी शुरू कर दी गई है। यह नवागढ़ थाना क्षेत्र में हफ्तेभर में दूसरी हत्या है, जिससे बेमेतरा जिले में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और सामुदायिक तनाव के मामलों से क्षेत्रवासी डरे हुए हैं। पुलिस और प्रशासन पर सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव है।



