Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर में अवैध शराब को लेकर गैंगवार, एक युवक की पीट-पीटकर हत्या

Murder in Bilaspur: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में अवैध शराब कारोबार को लेकर खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें एक युवक की जान चली गई। यह वारदात सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा इलाके में रविवार तड़के सामने आई, जहां ब्लैक में शराब बेचने और दाम को लेकर हुए विवाद ने गैंगवार का रूप ले लिया। हमलावरों ने दो युवकों पर लाठी-डंडों और लकड़ी के बत्तों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

करबला का रहने वाला 19 साल का किशन यादव शनिवार रात अपने दोस्त साहिल सोनकर के साथ लुतरा उर्स का मेला देखने गया था। मेला देखकर लौटते समय रविवार सुबह करीब 3 बजे दोनों युवकों ने शराब पीने की इच्छा जताई और तिफरा सब्जी मंडी के पास स्थित शराब दुकान के समीप पहुंचे, जहां ब्लैक में शराब बेची जा रही थी। मौके पर मौजूद आरोपी साहिल साहू ने दोनों युवकों को शराब की बोतल 120 रुपए की बजाय 250 रुपए में देने की बात कही। इस बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। (Murder in Bilaspur)

लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की हत्या

विवाद बढ़ने पर आरोपी साहिल साहू ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में सड़क पर लाठी, डंडे और लकड़ी के बत्तों से हमला शुरू हो गया। हमलावरों ने दोनों युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। साहिल सोनकर इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। किशन यादव किसी तरह जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा। घायल किशन यादव ने पुलिस को सूचना दी। सिरगिट्टी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद साहिल सोनकर को मृत घोषित कर दिया। घायल किशन यादव का इलाज सिम्स अस्पताल में चल रहा है। उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

फरार हमलावर की तलाश जारी

सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने जानकारी दी कि मुख्य आरोपी साहिल साहू और उसके साथी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक किशन यादव और साहिल साहू दोनों पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। वहीं मृतक साहिल सोनकर पर भी मारपीट के मामले सिटी कोतवाली थाना में दर्ज हैं। इस घटना ने बिलासपुर में रात के समय संचालित हो रहे अवैध शराब कारोबार की पोल खोल दी है। जानकारी के मुताबिक चिंगराजपारा निवासी राजू नामक युवक इस क्षेत्र में लंबे समय से चिल्हर शराब का अवैध व्यापार कर रहा था। फिलहाल वह जेल में बंद है, और अब उसका छोटा भाई साहिल साहू यह कारोबार संभाल रहा है।

यह भी पढ़ें:- चिरायु योजना अमीषा के लिए बनी वरदान – सफल हृदय ऑपरेशन से मिला नया जीवन

शहर के कई इलाकों में रात के समय शराब दुकानों के आसपास ब्लैक में शराब की बिक्री खुलेआम की जा रही है। यह घटना अब एक बड़ा सवाल खड़ा करती है- क्या पुलिस और आबकारी विभाग इन अवैध गतिविधियों से अनजान हैं ? सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि घायल किशन यादव से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मुख्य आरोपी साहिल साहू फरार है, लेकिन जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना न सिर्फ एक हत्या का मामला है, बल्कि यह प्रशासन और पुलिस के लिए चेतावनी है कि कैसे ब्लैक में शराब बेचने का धंधा अब गैंगवार और खून-खराबे में तब्दील होता जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!