मंदिर हसौद में पानी के विवाद में युवक की हत्या, पार्षद ने अपने साथियों के साथ मिलकर ली जान, महानदी किनारे रेत में दफनाया शव

Murder in Mandir Hasoud: राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद इलाके में 22 मई से लापता भुवनेश्वर यादव की हत्या का मामला सामने आया है। पानी के मामूली विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई और बाद में शव को महासमुंद जिले में महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया। मामले में पुलिस ने निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल है। पुलिस के मुताबिक नकटी के रहने वाला भुवनेश्वर यादव मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। 22 मई 2026 की शाम वह मंदिर हसौद स्थित शराब भट्ठी के पास कुछ लोगों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान पानी को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुंच गई।
यह भी पढ़ें:- इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू बोले- भारत में इजराइल के लिए जबरदस्त समर्थन, मेरे सबसे ज्यादा फॉलोअर्स भारत में
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान भुवनेश्वर यादव और निर्दलीय पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसके बाद पार्षद अपने साथियों अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे के साथ मिलकर भुवनेश्वर को कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि तीनों आरोपी भुवनेश्वर को महासमुंद क्षेत्र स्थित महानदी किनारे सुनसान इलाके में ले गए। वहां युवक के साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की गई। मारपीट इतनी बुरी तरह की गई कि गंभीर चोट लगने से भुवनेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और सबूत मिटाने की साजिश रचने लगे। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नांदगांव निवासी अपने एक रिश्तेदार की मदद ली। इसके बाद महानदी किनारे टापूनुमा जगह पर गड्ढा खोदकर शव को रेत में दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
गुमशुदगी की जांच से खुला हत्या का राज
भुवनेश्वर यादव के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान युवक की आखिरी लोकेशन और स्थानीय लोगों से पूछताछ में गोलू रात्रे और उसके साथियों का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम महासमुंद पहुंची, जहां महानदी किनारे बताए गए स्थान पर खुदाई करवाई गई। खुदाई में युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव और घटनास्थल महासमुंद थाना क्षेत्र में मिला, इसलिए मामले की आगे की जांच महासमुंद पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। (Murder in Mandir Hasoud)
परिजनों ने थाने का किया घेराव
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे और शव को ठिकाने लगाने में किसने मदद की। मामले में हिरासत में लिए गए चारों लोगों से लगातार पूछताछ जारी है। घटना का खुलासा होने के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखा गया। आक्रोशित लोगों ने मंदिर हसौद थाना का घेराव कर पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस शुरू से गंभीरता से जांच करती तो शायद भुवनेश्वर की जान बच सकती थी। घटना से नाराज कुछ लोगों ने आरोपी पार्षद के एक करीबी की पिटाई भी कर दी। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। (Murder in Mandir Hasoud)
भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना
इस पूरे मामले पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर हुई यह घटना बेहद हृदयविदारक है। पेयजल संकट से लोग परेशान है। बीजेपी और आरएसएस ने जो बोया है अब उसे काटना पड़ रहा है। लोगों के मन में नफरत भरने का काम हो रहा है। विधायक नायब तहसीलदार की पिटाई कर रहा है। नायब तहसीलदार पर काउंटर FIR हो रहा है। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ फर्जी केस बनाया गया। प्रदेश में एक अराजकता की स्थिति है। सरकार खुद स्वार्थपूर्ति में लगी हुई है। हसदेव में 7 लाख पेड़ काटने की अनुमति मिल गई है। सरकार के मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है, लेकिन इस हत्याकांड ने कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। (Murder in Mandir Hasoud)



