Google Analytics —— Meta Pixel

अननेचुरल सेक्स के लिए दबाव, 10वीं के छात्र ने की डांस टीचर की हत्या, ऐसे खुला राज 

Murder of Dance Teacher: छत्तीसगढ़ के कवर्धा में डांस टीचर की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक नाबालिग छात्र पर लगातार अननेचुरल सेक्स के लिए दबाव बना रहा था और उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था। इससे परेशान होकर 10वीं के छात्र ने शिक्षक को मिलने के लिए बुलाया और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे करीब 56 दिन बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दरअसल, 17 जनवरी 2026 को लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था। 

यह भी पढ़ें:- जांजगीर में प्रार्थना सभा पर विवाद, खरोरा में धर्मांतरण का आरोपी गिरफ्तार, बस्तर में घर वापसी

मृतक की पहचान 27 साल के सत्यमदास मानिकपुरी के रूप में हुई, जो कवर्धा के वार्ड नंबर 26 का रहने वाला था और एक निजी स्कूल में डांस टीचर के रूप में काम करता था, जो अविवाहित था। बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले उसकी पहचान 10वीं के एक नाबालिग छात्र से हुई थी। दोनों के बीच अननेचुरल सेक्स को लेकर संबंध बने थे, लेकिन बाद में शिक्षक छात्र पर बार-बार संबंध बनाने का दबाव डालने लगा और मना करने पर उसे सबको बताने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। इसी से परेशान होकर नाबालिग छात्र ने हत्या की साजिश रच डाली।

17 जनवरी को उतारा मौत के घाट

17 जनवरी को उसने सत्यमदास को व्हाट्सएप कॉल कर मिलने के लिए बुलाया। दोनों स्कूटी से लालपुर नर्सरी के पीछे पहुंचे। आरोपी छात्र घर से पहले ही चाकू लेकर निकला था। मौका मिलते ही उसने सत्यमदास के गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन इस गुत्थी को सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। (Murder of Dance Teacher)

56 दिनों की जांच के बाद खुलासा

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 5 हजार मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की। इसके अलावा 500 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही बदमाश प्रवृत्ति के लोगों, पूर्व अपराधियों और नशा करने वाले करीब 40 से 50 संदिग्धों को थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने मृतक के सोशल मीडिया अकाउंट, खासकर इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म की गतिविधियों की भी जांच की। जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे युवक के बारे में जानकारी मिली, जिसे मृतक की गतिविधियों के बारे में पता था और उसी के जरिए नाबालिग छात्र की पहचान सामने आई।

नाबालिग ने इंटरनेट में सर्च की थी कई चीजें

इस आधार पर पुलिस ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश और वारदात को कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद उसने मृतक का मोबाइल और सिम कार्ड नदी में फेंक दिया था और अपने पैतृक गांव में जाकर छिप गया था। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया और उसकी निशानदेही पर नदी से मोबाइल, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल की सर्च हिस्ट्री भी खंगाली गई। इसमें अपराध करने के बाद बचने के तरीके, मोबाइल ट्रैकिंग से बचाव और मनोविज्ञान से जुड़े कई विषयों पर इंटरनेट सर्च पाए गए। (Murder of Dance Teacher)

शिक्षक अननेचुरल सेक्स के लिए दबाव बना रहा था: SP

SP धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक मृतक नाबालिग छात्र पर लगातार अननेचुरल सेक्स के लिए दबाव बना रहा था और उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसी से परेशान होकर छात्र ने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। कवर्धा में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं 56 दिनों की जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। हालांकि इस मामले ने एक बार फिर समाज में नाबालिगों की सुरक्षा और डिजिटल प्रभाव को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!