Murder of police constable : अवैध उत्खनन रोकने गए आरक्षक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, झारखंड के तस्कर पर शक

Murder of police constable : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रेत के अवैध उत्खनन को रोकने के प्रयास में तैनात आरक्षक शिवबचन सिंह की रविवार रात दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम लिबरा में उस वक्त घटी, जब एक अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने के प्रयास में आरक्षक को चालक ने जानबूझकर कुचल दिया और फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग 11 बजे वन विभाग को ग्राम कुशफर के पास वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण की सूचना मिली थी। इस पर विभागीय टीम और सनावल थाना के चार आरक्षक मौके पर पहुंचे। कार्रवाई कर पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद टीम को सूचना मिली कि ग्राम लिबरा में कनहर नदी किनारे अवैध रेत खनन हो रहा है। जैसे ही पुलिस और वन विभाग की टीम वहां पहुँची, रेत से भरे ट्रैक्टर भागने लगे। (Murder of police constable)
ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की तो चढ़ा दी गाड़ी
आरक्षक शिवबचन सिंह (43) ने एक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय तेजी से ट्रैक्टर बढ़ाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शिवबचन को तत्काल रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सनावल थाना प्रभारी दिव्यकांत पांडेय मौके पर पहुंचे और आगे की कार्रवाई शुरू की। (Murder of police constable)
कनहर नदी से रेत निकालकर झारखंड भेज रहे थे तस्कर
पुलिस अब ट्रैक्टर चालक की पहचान करने में जुटी है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि झारखंड के तस्कर लंबे समय से कनहर नदी से रेत निकालकर अवैध रूप से झारखंड भेज रहे थे। ग्रामीणों द्वारा इसका लगातार विरोध किया जा रहा था। शनिवार को ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने तीन ट्रैक्टर जब्त भी किए थे। (Murder of police constable)
इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि रेत माफिया के बढ़ते दुस्साहस को भी उजागर किया है। पुलिस और प्रशासन अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है।



