नशे में पिता बना हैवान, बेटे की गोली मारकर हत्या, बाद में आरोपी ने कर ली खुदकुशी

Murder Suicide in Mohla: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने नशे की हालत में भरमार बंदूक से अपने ही बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान आरोपी की पत्नी भी गोली के छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता संतराम उइके (48 साल) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मामला अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के कुंवारदल्ली गांव का है। मृतक की पहचान शेखर उइके (22 साल) के रूप में हुई है, जो कुंवारदल्ली गांव का रहने वाला था। पुलिस ने पिता-पुत्र दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें:- CGPSC ने पुलिस भर्ती 2024 की शारीरिक जांच की तारीखें की जारी, 6 जनवरी से दस्तावेज सत्यापन
क्या है पूरा मामला
दरअसल, संतराम उइके अपनी पत्नी शांति बाई के साथ गांव के बाहर एक झोपड़ी में रहता था और ईंट बनाने का काम करता था। शुक्रवार रात संतराम शराब के नशे में था और इसी दौरान उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत संतराम ने अपनी पत्नी शांति बाई के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना की जानकारी पड़ोसियों ने उनके बेटे शेखर उइके को दी। शेखर झोपड़ी में पहुंचा और अपने पिता से मां के साथ मारपीट करने का कारण पूछा। शेखर ने अपने पिता को समझाने की कोशिश की और मां के साथ हिंसा न करने को कहा। (Murder Suicide in Mohla)
गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
समझाने के बाद शेखर और उसकी मां झोपड़ी के पीछे बैठ गए। इसी दौरान गुस्से से तिलमिलाए संतराम ने अपनी भरमार बंदूक उठाई और मौके पर पहुंचकर अपने बेटे शेखर पर गोली चला दी। गोली लगते ही शेखर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शांति बाई को भी गोली के छर्रे लग गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गांव वालों ने तुरंत खून से लथपथ शेखर और उसकी मां को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शेखर को मृत घोषित कर दिया। घायल शांति बाई का इलाज फिलहाल जारी है।
हत्या के बाद फरार, फिर की आत्महत्या
वारदात के बाद आरोपी संतराम मौके से फरार हो गया। हालांकि शनिवार देर रात उसने अपने घर के बाहर एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की सूचना मिलने पर रविवार को पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस को आशंका है कि बेटे की हत्या के बाद आरोपी गहरे तनाव और पछतावे में चला गया, जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। (Murder Suicide in Mohla)

अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अश्विनी राठौर ने बताया कि आरोपी हत्या करने के बाद मौके से भाग गया था। बाद में उसका शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक पेड़ से लटका मिला। शुरुआती जांच में यह मामला शराब के नशे में गुस्से में की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। वहीं पुलिस अधीक्षक वाईपी सिंह ने कहा कि नशे की हालत में अपराध करने के बाद संतराम को अपनी गलती का एहसास हुआ होगा। वह सदमे में चला गया और इसी पछतावे के कारण उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच जारी है।



