कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से किया बाहर, लगातार हो रहा था विरोध

Mustafizur out of KKR: IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया है। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश के बाद लिया गया। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बीच मुस्तफिजुर रहमान के IPL में खेलने को लेकर लगातार विरोध हो रहा था, जिसके बाद यह मामला तूल पकड़ता चला गया। KKR ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि BCCI के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और आपसी परामर्श के बाद मुस्तफिजुर रहमान को आगामी IPL सीजन से मुक्त कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:- न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, शुभमन गिल कप्तान, श्रेयस अय्यर की वापसी
फ्रेंचाइजी ने यह भी कहा कि IPL नियमों के तहत बीसीसीआई ने टीम को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी चुनने की अनुमति दे दी है, जिसकी जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी। इससे पहले BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार सुबह कहा था कि हाल के दिनों में सामने आए घटनाक्रमों को देखते हुए बोर्ड ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर फ्रेंचाइजी किसी प्रतिस्थापन खिलाड़ी की मांग करती है तो बोर्ड उसे अनुमति देगा। मुस्तफिजुर रहमान के IPL में खेलने का विरोध उस समय तेज हो गया, जब बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं सामने आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते 14 दिनों में चार हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इन्हीं घटनाओं को लेकर भारत में कड़ी आपत्ति जताई गई और KKR पर खिलाड़ी को टीम से हटाने का दबाव बनाया गया। (Mustafizur out of KKR)

विरोध में किसने क्या कहा ?
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने KKR के मालिक शाहरुख खान से अपील की थी कि मौजूदा हालात को देखते हुए मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किया जाए। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश बांग्लादेश की घटनाओं को लेकर आक्रोश में है, तब ऐसे खिलाड़ी को टीम में रखना सही नहीं है। वहीं शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर IPL खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने शाहरुख खान से माफी की मांग करते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अत्याचार हो रहा है, ऐसे में वहां के खिलाड़ी को टीम में शामिल करना असंवेदनशीलता दर्शाता है। उन्होंने कहा कि KKR मैनेजमेंट को इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। देवकीनंदन ठाकुर के अलावा धीरेंद्र शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाने की मांग की थी।
9.2 करोड़ में खरीदे गए थे मुस्तफिजुर
भाजपा नेता संगीत सोम ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं को चुन-चुनकर मारा जा रहा है और ऐसे हालात में वहां के खिलाड़ियों को खरीदना देश के साथ गद्दारी है। उन्होंने शाहरुख खान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे लोग कभी पाकिस्तान तो कभी बांग्लादेश का समर्थन करते हैं। मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने पिछले महीने अबुधाबी में हुए IPL मिनी ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके साथ ही वे IPL इतिहास में बांग्लादेश के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। पिछले IPL सीजन में मुस्तफिजुर रहमान ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से तीन मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने चार विकेट झटके। दिल्ली ने उन्हें 6 करोड़ रुपए में मिचेल स्टार्क की जगह टीम में शामिल किया था, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की तैयारी के कारण आखिरी लीग मैच नहीं खेल पाए थे। (Mustafizur out of KKR)

मुस्तफिजुर रहमान का क्रिकेट करियर
मुस्तफिजुर रहमान बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और अपनी घातक कटर्स, स्लोअर गेंदों के लिए जाने जाते हैं। उनका जन्म 6 सितंबर 1995 को बांग्लादेश के सातारखिरा में हुआ था। उन्होंने 2015 में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और उसी सीरीज में सर्वाधिक विकेट झटके। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला। चोटों से जूझने के बावजूद वे सीमित ओवरों में बांग्लादेश की गेंदबाजी यूनिट का अहम हिस्सा बने रहे हैं। मुस्तफिजुर विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बताया कि भारतीय टीम सितंबर में बांग्लादेश दौरे पर जाएगी, जहां तीन वनडे और तीन टी-20 मैच खेले जाने हैं। (Mustafizur out of KKR)
मुस्तफिजुर रहमान को लेकर विवाद
BCB के क्रिकेट ऑपरेशंस प्रभारी शाहरीयार नफीस के मुताबिक भारतीय टीम 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी। वनडे मुकाबले 1, 3 और 6 सितंबर को T-20 मुकाबले 9, 12 और 13 सितंबर को प्रस्तावित हैं। हालांकि BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इस दौरे को लेकर अंतिम फैसला सरकार पर छोड़े जाने की बात कही है। बता दें कि IPL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। मुस्तफिजुर रहमान को लेकर उठा विवाद अब खेल से आगे बढ़कर राजनीति और सामाजिक संवेदनशीलता से जुड़ गया है। BCCI के हस्तक्षेप और KKR के फैसले ने साफ कर दिया है कि आईपीएल में अब सिर्फ क्रिकेटिंग प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों से जुड़े सामाजिक-राजनीतिक हालात भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि KKR किस खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के तौर पर चुनती है और इस फैसले का आईपीएल 2026 पर क्या असर पड़ता है।



