Google Analytics —— Meta Pixel

कुनो नेशनल पार्क में मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को दिया जन्म, भारत में चीतों की संख्या हुई 53

Cheetahs Birth in Kuno: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कुनो नेशनल पार्क से खुशखबरी सामने आई है। नामीबियाई मादा चीता ‘ज्वाला’ ने 9 मार्च को पांच शावकों को जन्म दिया। इससे भारत में कुल चीतों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है, जबकि भारत में जन्मे शावकों की संख्या अब 33 तक पहुंच गई है। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसे ‘प्रोजेक्ट चीता’ और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता उन पशु चिकित्सकों, फील्ड स्टाफ और परियोजना से जुड़े सभी लोगों की समर्पित मेहनत, कौशल और प्रतिबद्धता का परिणाम है।

यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के नए PM बालेन शाह को दी बधाई, कहा- नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे दोनों देशों के संबंध 

तीसरी बार मां बनी ज्वाला उन आठ चीतों में शामिल थी, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2022 में कुनो नेशनल पार्क में छोड़ा था। इससे पहले उसने मार्च 2023 में पहली बार चार शावकों को जन्म दिया था, जिनमें सिर्फ एक ही जीवित बचा। जनवरी 2024 में उसने तीन शावकों को जन्म दिया। अब 9 मार्च 2026 को उसने पांच शावकों के साथ तीसरी बार माता बनने की सफलता दर्ज की। वन विभाग ने बताया कि ज्वाला और उसके पांचों नवजात शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें सीसीटीवी और मैदानी निगरानी के माध्यम से सतत निगरानी में रखा जा रहा है, ताकि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके। (Cheetahs Birth in Kuno)

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत में जन्मे इन शावकों के साथ यह चीता के 10वें सफल लिटर का प्रतीक है। उन्होंने इसे भारत की चीता संरक्षण यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका की मादा चीता गामिनी भी दूसरी बार मां बनी और चार शावकों को जन्म दिया। इसके अलावा 28 फरवरी 2026 को बोत्सवाना से मिले नौ चीतों को कुनो के क्वारंटीन बाड़ों में छोड़ा गया था। इनमें छह मादा और तीन नर चीते शामिल हैं। ये चीते वर्तमान में बड़े वन क्षेत्र में छोड़े जाने से पहले अनुकूलन और स्वास्थ्य निगरानी के चरण से गुजर रहे हैं। (Cheetahs Birth in Kuno)

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक हृदयस्पर्शी और प्रेरक क्षण बताया और आशा व्यक्त की कि ज्वाला और उसके शावक स्वस्थ रहकर भारत की चीता कहानी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। कुनो नेशनल पार्क अब भारत में चीता संरक्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां लगातार प्रयासों से विलुप्तप्राय प्रजातियों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। इस सफलता ने पूरे देश में वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षण कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है। भारत में चीतों का इतिहास गौरवपूर्ण और चुनौतीपूर्ण रहा है। 1952 में भारत सरकार ने चीता को विलुप्त घोषित किया था। हालांकि छत्तीसगढ़ के कोरिया और सरगुजा के जंगलों में इसके जीवित होने के प्रमाण समय-समय पर मिले। अंतरराष्ट्रीय संस्था IUCN के मुताबिक दुनिया में सिर्फ 7100 चीते ही बचे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!