Google Analytics —— Meta Pixel

श्मशान जाने से पहले लौटी जिंदगी: एम्बुलेंस में झटका लगा और महिला ने खोल दी आंखें, पढ़े पूरी खबर

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिस महिला को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था और जिसके अंतिम संस्कार की तैयारी हो चुकी थी, वह एम्बुलेंस में अचानक आए झटके के बाद होश में आ गई।

यह भी पढ़े :- CG Budget Session 2026: बालोद स्काउट-गाइड जंबूरी पर विधानसभा में हंगामा, भ्रष्टाचार के आरोपों पर विपक्ष का वॉकआउट

जानकारी के अनुसार गोकुलपुरम कॉलोनी निवासी विनीता शुक्ला 22 फरवरी को अचानक घर में बेहोश होकर गिर पड़ी थीं। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बरेली के अस्पताल में विनीता को दो दिनों तक वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉक्टरों के अनुसार उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी और आंखों की पुतलियां भी फैल चुकी थीं, जिससे उन्हें ब्रेन डेड जैसी स्थिति में बताया गया। डॉक्टरों ने परिजनों को कहा कि वेंटिलेटर हटाते ही उनकी मौत हो सकती है। इसके बाद परिवार उन्हें घर ले जाने के लिए एम्बुलेंस से पीलीभीत रवाना हुआ।

एम्बुलेंस के झटके से लौटी जिंदगी

24 फरवरी को जब एम्बुलेंस से विनीता को घर लाया जा रहा था, तब घर पर अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। रिश्तेदार और पड़ोसी अंतिम विदाई के लिए जमा हो चुके थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क के गड्ढे से गुजरते समय एम्बुलेंस को जोर का झटका लगा।

परिजनों ने देखा कि झटके के बाद विनीता के शरीर में हलचल होने लगी और उन्हें होश आने लगा। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए और तुरंत उन्हें श्मशान ले जाने के बजाय पीलीभीत के डॉ. राकेश न्यूरो सिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।

यहां करीब 14 दिनों तक चले गहन उपचार के बाद विनीता की हालत में लगातार सुधार हुआ। इलाज के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ हो चुकी हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज कर दी गई हैं।

इस घटना ने परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। इसे कई लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!