Google Analytics —— Meta Pixel

झालमुड़ी वीडियो से छाए नरेंद्र मोदी, 24 घंटे में करोड़ों व्यूज़; ममता बनर्जी ने साधा निशाना

इंस्टाग्राम पर 10 करोड़, फेसबुक पर 9 करोड़ व्यूज़; बंगाल दौरे के दौरान झाड़ग्राम में स्ट्रीट फूड का लिया था स्वाद

नई दिल्ली/कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान झालमुड़ी खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 24 घंटे के भीतर करीब 10 करोड़ और फेसबुक पर लगभग 9 करोड़ बार देखा जा चुका है। साथ ही “झालमुड़ी” शब्द के लिए गूगल सर्च भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

यह भी पढ़े :- पहलगाम की पहली बरसी पर सेना की चेतावनी: हर हमले का मिलेगा जवाब

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने रविवार को पश्चिम बंगाल में चुनावी सभाओं के बीच झाड़ग्राम में एक स्थानीय दुकान पर रुककर लोकप्रिय बंगाली स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का स्वाद लिया। झालमुड़ी मुरमुरे, मसालों और हरी मिर्च से तैयार किया जाता है।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान का वीडियो और तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा कीं। उन्होंने ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “व्यस्त रविवार को पश्चिम बंगाल में चार सभाओं के बीच झाड़ग्राम में स्वादिष्ट मसालेदार मुरमुरे (झालमुड़ी) का आनंद लिया।” वीडियो में उन्हें दुकानदार को भुगतान करते हुए भी देखा गया, जहां उन्होंने पैसे लेने से इनकार करने पर भी भुगतान करने पर जोर दिया।

ममता बनर्जी का आरोप: “यह नौटंकी”

दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं। बीरभूम जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना पूर्व नियोजित थी।

ममता बनर्जी ने सवाल उठाते हुए कहा, “जब प्रधानमंत्री अचानक झालमुड़ी खरीदने के लिए रुके, तो वहां कैमरे पहले से कैसे मौजूद थे?” उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी व्यवस्था पहले से तय थी और इसे “नौटंकी” बताया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री के पास पहले से 10 रुपये का नोट था और सुरक्षा एजेंसी एसपीजी ने पूरी तैयारी कर रखी थी।

सियासी बयानबाजी तेज

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर चुनाव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक तरीके से उम्मीदवार उतारने और धार्मिक मुद्दों के राजनीतिक उपयोग का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी।

इस बीच, सोशल मीडिया पर वीडियो की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

Back to top button
error: Content is protected !!