Google Analytics —— Meta Pixel

CM उमर के पूरे वंदे मातरम पर कांग्रेस नाराज, नेशनल कॉन्फ्रेंस का पलटवार, कहा- इसे जबरन थोपना ठीक नहीं

National Conference on Congress: जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और फारूक अब्दुल्ला की मौजूदगी में पूरा वंदे मातरम गाया गया, जिस पर कांग्रेस ने सवाल खड़े कर दिए। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने ट्वीट कर कहा कि वंदे मातरम का पूरा वर्शन उस मिली-जुली और विविधता वाली सोच के साथ मेल नहीं खाता, जिसकी कल्पना हमारे आजादी के दीवानों ने भारत के लिए की थी और जिसे उन्होंने आगे बढ़ाया था। हमारे लिए महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, राजेंद्र प्रसाद, आचार्य नरेंद्र देव, मौलाना आजाद, सरोजिनी नायडू और जे.बी. कृपलानी की सोच और फैसले सबसे अहम हैं और इस सोच को बनाने में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की सलाह की भी बड़ी भूमिका थी।

यह भी पढ़ें:- CM उमर अब्दुल्ला की मौजूदगी में पूरा गाया गया वंदे मातरम, कांग्रेस ने आपत्ति जताते हुए सहयोगी NC को दी नसीहत

उन्होंने कहा कि हम सम्मान और विनम्रता के साथ अपने सहयोगियों से चाहेंगे कि वे हमारे आजादी के दीवानों की समझ और फैसले का सम्मान करें। हम चाहेंगे कि वे हमारे साथ मिलकर इस खूबसूरत और ऐतिहासिक गीत का वही वर्शन गाएं, जिसे उन नेताओं ने अपनाया था। उस वर्शन को सोच-समझकर चुना गया था, ताकि इस गीत को सांप्रदायिक रंग न दिया जा सके। यह खतरा आज भी उतना ही असली है, जितना उस समय था। उस वर्शन को अपनाकर ही हम अपने गणतंत्र की धर्मनिरपेक्ष और सबको साथ लेकर चलने वाली पहचान को बनाए रख सकते हैं। इस पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता शेख बशीर ने कहा कि जिसे इसके दो छंद पसंद हैं, वह दो गाए और जिसे चार पसंद हैं, वह चार गाए, लेकिन किसी पर भी इसे जबरन थोपा नहीं जाना चाहिए। (National Conference on Congress)

शेख बशीर ने आगे कहा कि किसी भी चीज को फोर्स करने से उसकी अहमियत खत्म हो जाती है। आज हम जो वंदे मातरम पर बहस करते हैं, हम 2026 में जी रहे हैं। भाजपा वाले उन मसलों को खड़ा कर देते हैं, जो वास्तव में होते नहीं हैं। भाजपा ने वंदे मातरम का मसला खड़ा किया। संसद से पास करवाया। बहुत से लोगों को पता ही नहीं कि वंदे मातरम की भाषा का वास्तविक अर्थ क्या है। मेरा मानना है कि चाहे कांग्रेस हो, बीजेपी हो या कोई अन्य दल, वंदे मातरम की इस व्यर्थ बहस को अब समाप्त कर देना चाहिए, जिसे आता है वह गाए, जिसे नहीं आता वह न गाए। इसे सिर्फ एक गीत के रूप में देखा जाना चाहिए। उदाहरण के तौर पर मोहम्मद रफी बहुत बेहतरीन गाते थे, लेकिन हर व्यक्ति उनकी तरह नहीं गा सकता। गीत को गीत के हिसाब से देखो।

Politics on Vande Mataram

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि वंदे मातरम एक पैगाम है इस देश की एकता के लिए, इस देश की अखंडता के लिए और इस देश का जो हमारा तिरंगा झंडा है, जिसकी शान केवल हिंदुस्तान में ही नहीं सारी दुनिया में है, इसके सम्मान को बढ़ाने के लिए, देश में खुशहाली लाने के लिए, आपसी भाईचारा कायम करने के लिए, एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए वंदे मातरम गाया गया है, इसका सम्मान सभी देशवासियों को करना चाहिए। सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के फिल्म महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और फारूक अब्दुल्ला की ओर से वंदे मातरम के सभी छह अंतरे गाए जाने पर कहा कि ये तो अच्छी बात है। अब क्योंकि भारत के संविधान को सभी लोग मानते हैं और भारत के संविधान में वंदे मातरम न गाने पर सजा का भी प्रावधान भी इसी पिछले सदन सत्र में कर दिया है तो अब तो मजबूरी में सभी लोग गाएंगे ही।

Back to top button
error: Content is protected !!