परीक्षा में गड़बड़ी रोकने की कवायद, NTA में 600 एक्सपर्ट की छुट्टी, 4 स्तर पर जांचे जाएंगे क्वेश्चन पेपर

National Testing Agency: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी NTA की परीक्षा व्यवस्था को और मजबूत-सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। परीक्षा प्रक्रिया में सुधार के तहत NTA से जुड़े करीब 600 एक्सपर्ट को हटाया गया है। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा, साइकोमेट्रिक्स और प्रश्न पत्र तैयार करने जैसे अहम क्षेत्रों में निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक अगले तीन हफ्ते के भीतर 20 से 25 अधिकारियों की नई नियुक्तियां की जाएंगी। नई व्यवस्था में प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और जांच को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई है। प्रश्न पत्रों की जांच के लिए अब चार स्तरीय सिस्टम लागू किया जाएगा, ताकि पेपर तैयार होने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश कम हो।
चार स्तर पर होगी प्रश्न पत्रों की जांच
NTA की परीक्षा प्रणाली में सबसे बड़ा बदलाव प्रश्न पत्रों की जांच और सुरक्षा को लेकर किया जा रहा है। नए चार स्तरीय सिस्टम के तहत प्रश्न पत्रों की तैयारियों, जांच, गोपनीय संचालन और परीक्षा तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की अलग-अलग स्तर पर निगरानी की जाएगी। शिक्षा मंत्रालय ने परीक्षा प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रश्न पत्रों से जुड़े गोपनीय संचालन की पूरी व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया है। सुरक्षित कमरों की व्यवस्था, बाहरी नेटवर्क से अलग कंप्यूटर सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जमा कराने से जुड़े प्रोटोकॉल में भी बदलाव किया जाएगा। नई व्यवस्था में NTA की परीक्षा प्रक्रिया को तकनीकी रूप से भी मजबूत किया जाएगा। साइबर सुरक्षा, साइकोमेट्रिक्स और पेपर सेटिंग जैसे क्षेत्रों में निजी विशेषज्ञों को जोड़ा जाएगा। इसका मकसद परीक्षा प्रणाली में आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर सुरक्षा खामियों को दूर करना है। इसके अलावा एजेंसी को अपनी मौजूदा प्रक्रियाओं का ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
नए परिसर में शिफ्ट होगा NTA ऑफिस
ऑडिट के जरिए परीक्षा से जुड़े पूरे सिस्टम में मौजूद कमजोरियों की पहचान की जाएगी और जरूरत के मुताबिक उनमें सुधार किया जाएगा। NTA के कार्यालयों को भी नए परिसर में स्थानांतरित करने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में NTA का कार्यालय ओखला से मिंटो रोड स्थित नए परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। नए परिसर की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF की टीमों को सौंपी जाएगी। इससे कार्यालय और वहां होने वाले परीक्षा संबंधी संवेदनशील और गोपनीय कामकाज की सुरक्षा को और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। यह बदलाव ऐसे समय में किए जा रहे हैं, जब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता और पारदर्शिता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक में परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार करने के निर्देश दिए थे। (National Testing Agency)
यह भी पढ़ें:- Sugar Stock Limit: बड़े चीनी खरीदारों पर सरकार की सख्ती, 15 दिन से ज्यादा स्टॉक रखने पर रोक
बैठक में परीक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, गोपनीय सामग्री की सुरक्षा बढ़ाने और पूरी प्रक्रिया की नियमित समीक्षा पर जोर दिया गया। सरकार का फोकस ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर है, जिसमें प्रश्नपत्र की तैयारी से लेकर परीक्षा के आयोजन तक हर चरण सुरक्षित और निगरानी में रहे। NTA में किए जा रहे इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है। 600 एक्सपर्ट को हटाने के बाद नई टीम और विशेषज्ञों की नियुक्ति, चार स्तरीय पेपर जांच व्यवस्था, साइबर सुरक्षा को मजबूत करना और CISF की सुरक्षा जैसे कदम परीक्षा प्रणाली में बड़े संस्थागत बदलाव की ओर इशारा करते हैं। अब आने वाले समय में नई व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होती है, यह NTA की आगामी परीक्षाओं में सामने आएगा। फिलहाल सरकार ने परीक्षा संचालन से लेकर प्रश्न पत्रों की सुरक्षा तक हर स्तर पर प्रोटोकॉल को सख्त करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।




