CEC विवाद को लेकर विपक्ष पर हमलावर हुई सत्ता पक्ष, कहा- संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करना विपक्ष की आदत बन गई

NDA Defends CEC Gyanesh Kumar: CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर सियासी घमासान बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्ष के आरोपों के बीच BJP और NDA नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। नेताओं ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा, वहीं कुछ नेताओं ने आयोग से जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करने की बात भी कही है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि मैं कहना चाहती हूं कि संवैधानिक पदों पर बैठे हुए व्यक्तियों पर हमला करने की एक आदत सी विपक्ष की हो गई है। आने वाले उत्तर प्रदेश के चुनाव में विपक्ष को अपनी हार का अंदाजा पहले से ही हो गया है, इसलिए वो हार के बहाने तलाश कर रहे हैं और अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग के सिर पर फोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। NDA गठबंधन के सामने हर चुनाव में लगातार विपक्ष परास्त हुआ है।
यह भी पढ़ें:- कल पहली बार छत्तीसगढ़ आएंगे कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, संगठन की टटोलेंगे नब्ज
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पूरा देश जानता है कि पश्चिम बंगाल में क्या हुआ है और क्या होने वाला है। पश्चिम बंगाल में चुनाव कैसा होता है ये सभी जानते हैं। आज पश्चिम बंगाल की जनता ज्ञानेश कुमार को भगवान मानती है, जिन्होंने 70 साल के इतिहास में ऐसा भयमुक्त चुनाव करवाया। लोगों का वोट देने का अधिकार जिसने दिलवाया, वह ज्ञानेश कुमार हैं। ज्ञानेश कुमार को कम से कम पद्म भूषण देना चाहिए। इस पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए, जिस बंगाल में भ्रष्टाचार हुआ अब इतनी बेशर्मी हो गई कि उनको पद्मभूषण मिले। पद्मभूषण का यह अपमान उन सबका है, जिनको पद्म भूषण या पद्म पुरस्कार मिला है, जिसने यह मांग की वह कोई साधारण कार्यकर्ता नहीं है, वह पश्चिम बंगाल का भाजपा अध्यक्ष है, राज्यसभा का सदस्य है, अगर उसकी यह मांग है तो ये मांग मोदी जी की है। अब जन-जन का नारा है, मोदी जी, ज्ञानेश को हटाना है और भारत के लोकतंत्र को बचाना है। (NDA Defends CEC Gyanesh Kumar)
राहुल गांधी के पास कोई मुद्दा नहीं बचा: दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि अब राहुल गांधी के पास कोई मु्द्दा नहीं बचा है। कांग्रेस बार-बार संवैधानिक संस्था को टारगेट करते हैं। जनता उनको वोट नहीं देती, तो उसका जिम्मेदार कौन है? इसके जिम्मेदार वो खुद हैं। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री तपस रॉय ने कहा कि चलों वे सड़कों पर तो उतरे। कुछ तो मिला उन्हें सड़कों पर उतरने के लिए। ये सभी पार्टी के बारे में है, खासकर कांग्रेस के बारे में। वे पश्चिम बंगाल से जो गए हैं, आज तक नहीं आए। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कहा कि आगे जो चुनाव हो रहा है उस पर वे ध्यान दें। PM मोदी या अमित शाह के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगा सकता। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र एजेंसी है। उन्होंने जो किया, अच्छा किया है, जो मृतक थे उनका नाम उन्होंने मतदाता सूची से निकाला है और जिन लोगों का एक से ज्यादा जगहों पर नाम था, उनका नाम एक जगह किया गया है और यह बात विपक्ष को पच नहीं रही है।
सरकार से लड़ते-लड़ते थक जाते हैं तो संस्थाओं पर आरोप लगाने लगते हैं: निषाद
यूपी के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि यह चुनाव आयोग सरकार का आयोग नहीं है, यह भारत का आयोग है, देश का आयोग है और देश में एक पारदर्शिता चुनाव हो और ठीक ढंग से हो इसलिए सरकारों के द्वारा बनाए गए कानून के मुताबिक क्योंकि संसद में कानून बनाने का अधिकार है, कानून के हिसाब से काम करने का अधिकार चुनाव आयोग को है। अगर जो गैर कानूनी काम करेगा तो उसके लिए कोर्ट है। किसी व्यक्ति के कहने से क्या दोष है, क्या नहीं है ये हम नहीं देखेंगे, लेकिन चुनाव आयोग को एक ऐसा माहौल बनाना चाहिए कि जिससे कि जनता विश्वास करें, क्योंकि विपक्ष का काम ये है कि जब सरकार से लड़ते-लड़ते थक जाते हैं तो विपक्ष के लोग संस्थाओं पर आरोप लगाने लगते हैं। (NDA Defends CEC Gyanesh Kumar)
सबसे पहले विपक्ष के सांसदों को इस्तीफा देना चाहिए: निषाद
उन्होंने आगे कहा कि अगर विपक्ष को लगता है कि चुनाव आयोग ने धोखा दिया है तो पहले वो इस्तीफा दें, क्योंकि चुनाव आयोग ने उन्हें भी गलती से जीतवा दिया है और जब सही से चुनाव होगा, तब वे जीतकर आएंगे। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राहुल गांधी को देश के लोग कभी गंभीरता से लिए हैं। राहुल गांधी को इस मामले की कुछ जानकारी भी है, इसलिए राहुल गांधी हो या विपक्ष हो इन्हें संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना इनकी एक नियति बन गई है और देश के लोग इन्हें गंभीरता से नहीं लेते हैं, जिनका दो बार नाम है, जिनकी मृत्यु हो गई, जो बाहर के लोग है उनका नाम SIR में कटेगा ही। ये लोग फर्जी मतदान करवाकर फायदा उठाते हैं। जद(यू) नेता राजीव रंजन ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ न्यायिक जांच या स्वतंत्र SIT की मांग वाली सुप्रीम कोर्ट याचिका पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अभी याचिका दायर की गई है। अब इस मामले में महा न्यायपालिका के शीर्ष पीठ से क्या निर्देश प्राप्त होता है, क्या उनकी ओर से फैसले आएंगे? उसके बाद ही इस पर किसी प्रतिक्रिया का कोई औचित्य है।
ज्ञानेश कुमार के संबंध राजनीति नहीं होनी चाहिए: अठावले
हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी एक-एक करके लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं। कभी वे चुनाव आयोग को निशाना बनाते हैं, कभी ED को और कभी CBI को निशाना बनाते हैं। यह उनके अभियान का हिस्सा है। लोकतंत्र में विरोध करना एक अधिकार है। लेकिन ये पार्टियां ज्ञानेश कुमार का विरोध इसलिए कर रही हैं, क्योंकि लोगों ने उन्हें नकार दिया है। चुनाव आयोग का काम यह सुनिश्चित करना है कि वोट सही हों, और वह अपना काम कर रहा है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि चुनाव लिस्ट ठीक करने के लिए SIR की जरूरत थी, इसलिए चुनाव आयोग ने इसे जो लागू किया था। उसका हम समर्थन करते हैं, जो लोग CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, उस पर सरकार जरूर अध्ययन कर रही है कि इसमें क्या हुआ था, क्या बात हुई थी, लेकिन SIR होना जरूरी था, लिस्ट ठीक-ठाक होनी चाहिए और इसीलिए मुझे लगता है कि ज्ञानेश कुमार के संबंध राजनीति नहीं होनी चाहिए। CEC विवाद पर सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। अब सबकी नजरें चुनाव आयोग और विपक्ष के अगले कदम पर हैं।



