NDA मंच से PM मोदी का कांग्रेस पर वार, कहा- धीमी ग्रोथ रेट का ठीकरा हिंदुओं पर फोड़ा गया, विफलता कांग्रेस की और कलंक हिंदुओं के नाम

NDA Meeting in Delhi: देशभर के NDA नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक PM रहने के रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,400 दिन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में NDA नेताओं के साथ झालमुरी का आनंद लिया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य NDA नेताओं को झालमुड़ी खिलाई। इसके बाद देशभर के NDA नेताओं के साथ बैठक की, जहां उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें:- Excise Duty Petrol – ज्यादा एथेनॉल वाले पेट्रोल पर नहीं लगेगी एक्साइज ड्यूटी, सरकार का बड़ा फैसला
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन आप सभी ने मेरे लिए बहुत यादगार बना दिया है। मैं अभिभूत हूं, कृतज्ञ हूं। चरैवेति-चरैवेति के मंत्र का जाप करते हुए इस राजनीतिक यात्रा में अनेक उतार-चढ़ाव देखते हुए, एक दिन ये पड़ाव भी आएगा, मैंने कभी सोचा नहीं था। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का अवसर इसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं। आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया, इतना मान दिया, इसके लिए मैं आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं। इस अवसर पर NDA परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है। ये आप सबकी आत्मियता और उदारता है, क्योंकि मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता हूं। ये हर दृष्टिकोण से हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है। ये NDA के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि है। इसलिए मैं इस प्रस्ताव को आप सभी को, भाजपा समेत हमारे NDA परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 के पहले के कई दशक बहुत अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे हुए थे। इसका देश को बहुत नुकसान भी उठाना पड़ा, लेकिन अब देश की जनता एक स्थिर सरकार का काम भी देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं की प्रशंसक भी है। मैं देश की महान जनता को नमन करता हूं, जनता-जनार्दन का आभार व्यक्त करता हूं। साल 2014 में जब NDA की जीत हुई थी, तब मैंने कहा था कि आज देश के सामान्य मानवी में एक नई आशा का उदय हुआ है। इस आशा का, इस उम्मीद का संरक्षण हम सभी का बहुत बड़ा दायित्व था। देश के लोगों ने कांग्रेस के विश्वासघात के बाद अपने भरोसा हमें सौंपा था। मुझे संतोष है, गर्व है कि NDA परिवार के तौर पर हमने देश के विश्वास को हमेशा और मजबूत किया है। (NDA Meeting in Delhi)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि NDA के 12 सालों की एक बड़ी सफलता ये भी है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है। कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था। देश को यही एहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे ही होता है, भारत में तेज विकास संभव ही नहीं है और बड़ी ही चतुराई से धीमी विकास को एक नाम दिया था, ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ यानी कार्यशैली कांग्रेस की, दायित्व कांग्रेस का, विफलता कांग्रेस की, लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम लगाया गया। जबकि असल में इस कुसंस्कृति का नाम होना चाहिए था कांग्रेस ग्रोथ रेट। इस कांग्रेस ग्रोथ रेट में न सुशासन था, न नीति, न नीयत और ना निर्णय। पहली बार अटल जी के नेतृत्व में NDA सरकार आई, तब जाकर हमें एक झलक दिखी कि विकास में गति कैसे आती है, लेकिन दुर्भाग्य से 2004 में देश फिर से अस्थिरता के बवंडर में और कांग्रेस के शिकंजे में फंस गया।

PM मोदी ने कहा कि विकास तो दूर की बात है, देश को कांग्रेस ने एक के बाद एक हजारों करोड़ों रुपये के घोटालों में घसीट दिया। देश का भाग्य फिर तब बदला जब 2014 में NDA की सरकार बनी। देश ने देखा कि जब नीयत, नीति और निर्णय तीनों एक साथ काम करते हैं तो विकास की गति कैसी होती है। उन्होंने कहा कि सवाल ये है कि अगर 12 साल में इतना कुछ हो सकता है तो फिर दशकों तक क्यों नहीं हुआ? ये ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ और ‘NDA ग्रोथ रेट’ का अंतर है। एक व्यवस्था लोगों को इंतजार कराती थी। आज की व्यवस्था परिणाम दिखाती है। एक व्यवस्था काम अटकाती-भटकाती थी। आज की व्यवस्था कहती है, काम अभी होगा, समय पर होगा और बड़े पैमाने पर होगा और इसलिए 2014 से 2026 की कहानी केवल आंकड़ों की कहानी नहीं है, ये उस भारत की कहानी है जिसने पहली बार अपनी पूरी क्षमता के साथ दौड़ना तय किया है। (NDA Meeting in Delhi)

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के बड़े-बड़े देशों की अर्थव्यवस्था संघर्ष कर रही है, तब भी 2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की ग्रोथ रेट हासिल की है और पिछला क्वाटर तो, जो 31 मार्च को खत्म हुआ है, उसमें भी भारत की ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही है। ये सफलता इतनी आसान नहीं है। हम आज दुनिया की तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। कल के विकसित भारत की गारंटी है, आज का आकांक्षी भारत। आकांक्षी भारत के गर्भ में विकसित भारत पल रहा है। आज के भारत की आकांक्षाएं बड़ी हैं, सपने बड़े हैं इसलिए उसके संकल्प और लक्ष्य भी उतने ही बड़े हैं। देश की आकांक्षाओं का वाहक हमारा मध्यम वर्ग है, नींव मध्य वर्ग है। इसलिए हमारी सरकार मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने में लगी है। 2014 से पहले मध्यम वर्ग कानून की उलझनों का सबसे बड़ा शिकार हुआ करता था। जटिल टैक्स सिस्टम, आमदनी के सीमित स्रोत और टैक्स का बड़ा बोझ, ये सब सामान्य व्यक्ति के रोजमर्रा के जीवन की चुनौती होती थी।

उन्होंने कहा कि हमने मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को समझा, इसलिए आज 12 लाख रुपये तक की आमदनी पूरी तरह से टैक्स फ्री है। आज देश में सरल और फेस लेस टैक्स सिस्टम है। अच्छे इंफ्रास्ट्रक्चर से उनका जीवन आसान हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनर्जी, मिनरल्स, चिप, बैटरी स्टोरेज, स्पेस, ड्रोन, डेटा सेंटर्स, क्वांटम कॉम्प्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऐसे हर सेक्टर, हर तकनीक एक दूसरे से जुड़ी हुई है। ये एक दूसरे की पूरक है। भारत इनके लिए विदेशों पर निर्भर नहीं रह सकता, क्योंकि ये भारत की आर्थिक और रणनीतिक, हर प्रकार की सुरक्षा से जुड़े विषय हैं और तभी भारत सेमी कंटक्टर इको सिस्टम पर इतना फोकस कर रहा है, तभी क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर मिशन बोर्ड पर काम चल रहा है। (NDA Meeting in Delhi)

PM ने कहा कि देशवासियों की सहभागिता की हमारी बहुत बड़ी शक्ति है। ये 12 साल सरकार और समाज की सहभागिता का उत्सव बनाने वाले रहे हैं। बीते 12 वर्षों में मैंने जो भी सहयोग देश से मांगा, देशवासियों ने दिल खोलकर साथ दिया है। मैंने स्वच्छता का आग्रह किया तो पूरा देश निकल पड़ा, मैंने देश से डिजिटल पेमेंट अपनाने के लिए आह्वान किया तो भारत रियल टाइम ट्रांजैक्शन में दुनिया में सबसे आगे निकल गया, मैंने कोरोना महामारी के दौरान एकजुटता का आग्रह किया तो देश ने एकजुट होकर उस महामारी का सामना किया। जनता ने हमें कभी निराश नहीं किया। आने वाले समय में भी हमें इसी जनविश्वास और जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ना है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ हमारा मंत्र रहा है। सबका प्रयास ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है। अब समय आ गया है कि राज्यों के बीच नई प्रकार की स्वस्थ स्पर्धा हो। भारत की प्रगति राज्यों की ऐसी प्रगति से ही होने वाली है। आइए अगले दशक को उपलब्धियों के साथ-साथ श्रेष्ठता का भी दशक बनाएं।



