Google Analytics —— Meta Pixel

गर्लफ्रेंड से बात करने पर गोरखपुर में NEET छात्र का अपहरण, एक्स-बॉयफ्रेंड ने रचा पूरा प्लान

NEET Student Kidnaping: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक नाबालिग NEET छात्र के अपहरण और मारपीट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बैंक रोड स्थित कोचिंग से जैसे ही छात्र बाहर निकला, तीन युवकों ने उसे जबरन कार में खींच लिया और फरार हो गए। चलती कार में छात्र को 30 मिनट तक उसे बेरहमी से पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। छात्र ने बताया कि मैं कोचिंग से जैसे ही बाहर निकला, तीन लोगों ने मुझे कार में खींच लिया। शोर मचाने की कोशिश की तो चाकू दिखाकर धमकाया। मेरे चेहरे पर करीब 20 थप्पड़ मारे, गला दबाया और लात-घूंसे बरसाए। आरोपियों ने कहा कि जिस लड़की से मैं बात करता हूं, वह उनकी गर्लफ्रेंड है। अगर बात करना बंद नहीं किया तो मुझे मार डालेंगे। 

यह भी पढ़ें:- 14,580 शिक्षकों को बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने स्टाइपेंड नियम रद्द कर जॉइनिंग से पूरा वेतन और एरियर देने का दिया आदेश

छात्र के मुताबिक वह हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन आरोपी उसे लगातार टॉर्चर करते रहे। पुलिस घेराबंदी कर करीब पहुंची तो आरोपियों ने उसे रेल म्यूजियम के पास फेंक दिया और फरार हो गए। छात्र के बड़े भाई शिवम की सूचना पर पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर दी। हर चौराहे पर चेकिंग शुरू की गई। एसपी सिटी अभिनव त्यागी और सीओ कैंट योगेंद्र सिंह खुद टीम के साथ पीछा करने निकले। रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध सफेद बलेनो कार दिखाई दी। पुलिस को देखते ही ड्राइवर कार तेजी से भगाने लगा। पीछा करते हुए पुलिस शाहपुर बिछिया क्षेत्र तक पहुंची, जहां आरोपी कार छोड़कर भाग गए। (NEET Student Kidnaping)

रिटायर्ड शिक्षक का बेटा निकला मास्टरमाइंड

कार की तलाशी में अंदर NEET छात्र मिला। पुलिस ने सिर्फ 45 मिनट में उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। बिछिया पीएसी कॉलोनी से घटना में इस्तेमाल कार बरामद कर दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि अपहरण का मास्टरमाइंड महाराजगंज के पनियरा के रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक जयप्रकाश सिंह का ठेकेदार बेटा आशुतोष सिंह है। उसने अपनी गर्लफ्रेंड से छात्र की दोस्ती होने पर नाराज होकर यह साजिश रची। आशुतोष लड़की का एक्स-बॉयफ्रेंड था। उसने पहले छात्र की रेकी कराई। फिर अपने नाबालिग साथियों के साथ मिलकर सफेद बलेनो कार से उसका अपहरण किया। कार से आरोपी का पर्स, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और कई दस्तावेज मिले।

एक्स-बॉयफ्रेंड ने दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के घर पहुंचने पर आशुतोष फरार मिला। सर्विलांस की मदद से उसकी तलाश जारी है, पुलिस को शक है कि वह शहर में ही छिपा है। 17 साल का लड़का गोरखनाथ के ग्रीन सिटी में रहकर 11वीं की पढ़ाई और NEET की तैयारी करता है। कोचिंग में उसकी एक लड़की से दोस्ती हुई और दोनों बातचीत करने लगे। लड़की के एक्स-बॉयफ्रेंड आशुतोष को यह बात पसंद नहीं आई। कई बार मना करने के बाद भी बातचीत जारी रहने पर उसने छात्र को सबक सिखाने की ठानी। बुधवार रात कोचिंग से बाहर आते ही तीन युवकों ने उसे कार में खींच लिया। चलती कार में गला दबाकर मारने की कोशिश की गई, जिससे वह बेहोश हो गया। (NEET Student Kidnaping)

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

साथी छात्रों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी। पीछा करते पुलिस के करीब पहुंचने पर छात्र को सड़क किनारे फेंक दिया गया। पीड़ित के भाई शिवम की तहरीर पर कोतवाली गोरखपुर में आशुतोष सिंह समेत तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप में किडनैपिंग, हत्या की कोशिश और जान से मारने की धमकी शामिल हैं। मुख्य आरोपी आशुतोष सिंह अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। (NEET Student Kidnaping)

 

Back to top button
error: Content is protected !!