NEET 2026 Exam – कड़ी सुरक्षा के बीच कल होगी NEET UG परीक्षा,अभ्यर्थी पढ़ लें पूरी गाइडलाइन

NEET 2026 Exam : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 कल रविवार 21 जून को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी। इस बार देशभर से करीब 22.7 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। पेपर लीक विवाद के बाद पिछली परीक्षा रद्द होने के कारण National Testing Agency (NTA) इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए परीक्षा करा रहा है।
3 राज्यों से सबसे ज्यादा अभ्यर्थी
जानकारी के मुताबिक कुल परीक्षार्थियों में 34.4 प्रतिशत छात्र सिर्फ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से हैं। इसी वजह से इन राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और कड़ा किया गया है। (NEET 2026 Exam)
दोपहर 2 बजे से परीक्षा, 1:30 बजे के बाद नो एंट्री
नीट परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से एंट्री और सुरक्षा जांच शुरू हो जाएगी। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
पेन लेकर जाने की जरूरत नहीं
NTA ने साफ किया है कि अभ्यर्थियों को अपने साथ पेन लेकर नहीं जाना है। परीक्षा केंद्र पर ही काला बॉल प्वाइंट पेन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उम्मीदवारों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य सरकारी फोटो आईडी साथ रखना जरूरी होगा।
ड्रेस कोड: जूते, जूलरी और मेटल आइटम पर रोक
परीक्षार्थियों को हल्के और बिना मेटल वाले कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। जूते पहनने की अनुमति नहीं होगी। केवल चप्पल या कम हील वाली सैंडल पहनकर ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
लड़कों के लिए नियम
आधी बाजू की शर्ट या टी-शर्ट पहनें
फुल स्लीव या ऊनी कपड़ों से बचें
साधारण पैंट या ट्राउजर पहनें
मेटल बटन, चेन या भारी जेब वाले कपड़े न पहनें
लड़कियों के लिए नियम
आधी बाजू की कुर्ती या टॉप पहन सकती हैं
जूलरी, घड़ी, बेल्ट, हेयर बैंड, कड़ा, अंगूठी, स्कार्फ पहनने की मनाही
धातु की चेन या जिप वाले कपड़े पहनकर न आएं
केवल कम हील वाली सैंडल या चप्पल पहनें
सिर्फ ये सामान ले जाने की अनुमति
एडमिट कार्ड की 2 कॉपी
एक ओरिजिनल फोटो आईडी
2 पासपोर्ट साइज फोटो
सेल्फ डिक्लेरेशन/अंडरटेकिंग फॉर्म
ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल
इन चीजों पर सख्त प्रतिबंध
मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, पेंसिल बॉक्स, खाने-पीने की चीजें और किसी भी तरह की जूलरी परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
OMR शीट भरते समय रखें खास ध्यान
उम्मीदवारों को OMR शीट पर रोल नंबर, पेपर कोड और बुकलेट नंबर बेहद सावधानी से भरना होगा। गोले को पूरी तरह गहरा भरें, कटिंग-ओवरराइटिंग से बचें और एक सवाल के लिए केवल एक ही विकल्प चुनें।
पेपर लीक के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित पिछली NEET परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी। ऐसे में इस बार NTA अतिरिक्त सुरक्षा इंतजामों और सख्त निगरानी के साथ परीक्षा आयोजित कर रहा है। (NEET 2026 Exam)
यह भी पढ़े :- बलौदाबाजार – नायब तहसीलदार पर रिश्वत मांगने का आरोप, किसान ने पी लिया कीटनाशक, पढ़े पूरी खबर



