बलौदाबाजार – नायब तहसीलदार पर रिश्वत मांगने का आरोप, किसान ने पी लिया कीटनाशक, पढ़े पूरी खबर
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल क्षेत्र में एक किसान द्वारा कीटनाशक पीने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रेत से भरे ट्रैक्टर को छोड़ने के एवज में महिला नायब तहसीलदार ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। कथित मांग पूरी नहीं होने और ट्रैक्टर जब्त किए जाने से परेशान किसान ने यह कदम उठा लिया। गंभीर हालत में किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मामला कसडोल विकासखंड के ग्राम चांटीपाली का है। किसान कमल ओगरे के बेटे राज ओगरे ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह महानदी से रेत लेकर ट्रैक्टर से गांव लौट रहा था। इसी दौरान नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को रोक लिया। राज का आरोप है कि वाहन छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई। पैसा नहीं देने पर ट्रैक्टर को कसडोल थाने में खड़ा करवा दिया गया।
राज ओगरे ने दावा किया कि उसके साथ दो अन्य ट्रैक्टर भी पकड़े गए थे, लेकिन पैसे लेने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया, जबकि उसका ट्रैक्टर जब्त रखा गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि फोन पर बातचीत के दौरान उसे धमकाया गया था।
जब ट्रैक्टर जब्त होने और कथित रिश्वत मांगने की जानकारी किसान कमल ओगरे को मिली, तो वह मौके पर पहुंचा। काफी प्रयास के बावजूद ट्रैक्टर नहीं छोड़े जाने और आर्थिक तंगी के चलते किसान मानसिक तनाव में आ गया। इसी दौरान उसने खेत में उपयोग होने वाला कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल लेकर पहुंचे, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
नायब तहसीलदार ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि रेत परिवहन के खिलाफ की गई कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत थी और किसी से किसी प्रकार की रिश्वत नहीं मांगी गई। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पिछले तीन दिनों से अवैध रेत परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई के दौरान उन्हें तबादले की धमकियां मिल रही थीं। उनके अनुसार, जिन वाहनों को जब्त किया गया, उनके पास खनिज परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पर्ची उपलब्ध नहीं थी।
विधायक ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद कसडोल से कांग्रेस विधायक Sandeep Sahu अस्पताल पहुंचे और किसान से मुलाकात कर हालचाल जाना। विधायक ने कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा अवैध वसूली की गई है, तो मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
मामले के तूल पकड़ने के बाद बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संज्ञान लेते हुए एसडीएम को पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पूरे जिले की नजरें प्रशासनिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़े :- PM किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त आज होगी जारी, छत्तीसगढ़ के 24.52 लाख किसानों को मिलेंगे 490.54 करोड़ रुपए



