PM मोदी के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे 7 देशों के लीडर्स, भारत पहुंचने का सिलसिला जारी

Neighboring Countries Leaders: PM नरेंद्र मोदी आज शाम 7.15 बजे तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे, जिसमें शामिल होने के लिए 7 पड़ोसी देशों को न्योता दिया गया है, जिनके भारत पहुंचने का सिलसिला जारी है। सुबह मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पहली बार भारत पहुंचे, जिनके बाद मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ भी दिल्ली पहुंचे। भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। जबकि बांग्लादेश की PM शेख हसीना और सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ एक दिन पहले ही यानी शनिवार दोपहर को भारत पहुंच गए थे। इनके अलावा श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघ और नेपाल के PM प्रचंड भी शपथ ग्रहण में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें:- आज तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे नरेंद्र मोदी, शाम 7.15 बजे होगा शपथ ग्रहण
जानकारी के मुताबिक पड़ोसी देशों के मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था दिल्ली के सबसे बड़े होटलों में की गई है, जिनमें ITC मौर्या, ताज होटल, क्लैरिजेस, लीला और ओबेरॉय होटल शामिल हैं, जहां उनकी सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री और दिल्ली की आर्म्ड पुलिस यानी DAP के 2500 जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा स्नाइपर और पुलिसबल भी मौजूद रहेगा। विदेशी लीडर्स के एयरपोर्ट से होटल और वेन्यू तक के रास्ते की ड्रोन के जरिए निगरानी करने की व्यवस्था की गई है। शपथ ग्रहण समारोह का न्योता स्वीकार करते हुए मुइज्जू ने कहा था कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं PM मोदी के साथ मिलकर मालदीव-भारत के रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए काम करता रहूंगा। (Neighboring Countries Leaders)
भारत ने की पड़ोसियों की मदद
बता दें कि पड़ोसी देशों के लीडर्स को भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ पॉलिसी और ‘सागर’ मिशन के तहत शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया गया है। दरअसल, नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी भारत की विदेश नीति का हिस्सा है, जिसका खाका साल 2008 में तैयार किया गया था। साल 2014 में सत्ता में आने से पहले ही मोदी ने कहा था कि वे पड़ोसी देशों को अपनी विदेश नीति में सबसे ऊपर रखेंगे। नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी का उद्देश्य भारत के पड़ोसी देशों के साथ फिजिकल, डिजिटल, ट्रेड रिलेशन्स और लोगों के जुड़ाव को मजबूत करना है। इसी के तहत भारत ने अपने पड़ोसी देशों की मदद की थी। साल 2022 में आर्थिक तंगी से जूझ रहे श्रीलंका को 4 अरब डॉलर दिया था। वहीं कोरोना के दौरान बांग्लादेश को 188 करोड़ और नेपाल को 79 करोड़ की वैक्सीन सौंपी थी। (Neighboring Countries Leaders)



