Google Analytics —— Meta Pixel

नेपाल में एवलांच-लैंडस्लाइड से हाहाकार, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में जलप्रलय से सभी 50 जिलों में आपदा घोषित

Nepal Thailand Disaster: प्रकृति का रौद्र रूप इन दिनों दुनिया के कई हिस्सों में इंसानी बस्तियों को तहस-नहस कर रहा है। नेपाल से लेकर थाईलैंड तक भारी बारिश, बर्फीले तूफान और भयंकर बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। एक तरफ नेपाल में पहाड़ों पर बर्फ और निचले इलाकों में बारिश का तांडव जारी है तो वहीं दूसरी तरफ थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में महज तीन दिनों की बारिश ने पूरे शहर को पानी में डुबो दिया है। नेपाल एक बार फिर कुदरत के भीषण तांडव की चपेट में है। मनांग जिले में 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल बेस कैंप पर आए प्रलयकारी एवलांच ने पर्वतारोहियों के कैंप को पूरी तरह तबाह कर दिया है। हादसे के वक्त टेंट में 22 लोग यानी पर्वतारोही और सपोर्ट स्टाफ मौजूद थे। बचाव दल ने मौके से 2 शव बरामद किए हैं, जबकि 12 लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में हेलीकॉप्टर्स और रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं।

यह भी पढ़ें:- रूस-यूक्रेन युद्ध में रोबोट्स की खौफनाक एंट्री, AI और सुसाइड मशीनों से मचा तांडव, भारत ने भी तैयार किया खास हथियार

पर्वतीय इलाकों के अलावा नेपाल के निचले हिस्सों में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा रखी है। बागलुंग जिले में भूस्खलन की चपेट में आने से एक घर मलबे में समा गया, जिसमें एक महिला और उसके तीन मासूम बेटों की मौत हो गई। वहीं पाल्पा जिले में भी 2 लोगों के मारे जाने की खबर है। नेपालभर में अब तक कुल 21 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि बुटवल से 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इधर, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आसमान से आफत बरस रही है। शहर और आसपास के इलाकों में महज तीन दिनों के भीतर महीनेभर जितनी बारिश दर्ज की गई है, जिससे पूरा शहर जलमग्न हो गया है। बैंकॉक की सड़कें नदियों में बदल चुकी हैं, पार्किंग में खड़ी कारें पानी में तैरती नजर आ रही हैं और बाजारों में कमर तक पानी भर चुका है। हद तो तब हो गई जब बाढ़ के पानी के साथ बहकर मछलियां सड़कों पर तैरती दिखाई दीं। वहीं एक शख्स ने भरी हुई सड़कों पर जेट स्की तक चलाई, जिसपर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसपर जुर्माना और सस्पेंडेड जेल की सजा सुनाई।

जलप्रलय से सभी 50 जिलों में आपदा घोषित

हालात की गंभीरता को देखते हुए थाईलैंड सरकार ने बैंकॉक के सभी 50 जिलों में आधिकारिक रूप से आपदा घोषित कर दी है। इस आपदा से करीब 7 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, हजारों लोगों को शेल्टरों में शिफ्ट किया गया है, और एहतियात के तौर पर स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तरों में अवकाश घोषित किया गया है। आठ लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कहते हैं कि जब कुदरत अपना रौद्र रूप दिखाती है तो इंसान तमाम आधुनिक तरक्की और तकनीक के बावजूद उसके आगे बेबस नजर आता है। नेपाल के ऊंचे पहाड़ों से लेकर थाईलैंड की आधुनिक गगनचुंबी इमारतों तक ये दो तस्वीरें इस बात की सबसे डरावनी गवाही दे रही हैं कि क्लाइमेट चेंज और अनियंत्रित होती मौसमी घटनाएं अब हमारे भविष्य के लिए कोई दूर का खतरा नहीं, बल्कि वर्तमान का सबसे बड़ा सच बन चुकी हैं। (Nepal Thailand Disaster)

  

एक तरफ मनांग की बर्फीली चोटियों पर अपनों की तलाश में आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे परिवारों का इंतजार है तो दूसरी तरफ बैंकॉक की पानी में डूबी सड़कों पर तैरती जिंदगी और व्यवस्था की नाकामी पर उठते सवाल हैं। नेपाल के मलबे में दबे आशियाने हों या बैंकॉक के बाजारों में कमर तक भरा पानी सिर्फ दो देशों की आपदा नहीं है, बल्कि पूरी मानव जाति के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि अगर अब भी प्रकृति के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ और आपदा प्रबंधन को लेकर पुख्ता कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह जलप्रलय और हिमप्रलय इससे भी कहीं ज्यादा भयानक रूप ले सकता है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं, दुआ यही की जा रही है कि जल्द से जल्द हालात सामान्य हों और इन कुदरती कहर से जूझ रहे लोगों की जिंदगी फिर से पटरी पर लौट सके। (Nepal Thailand Disaster)

Back to top button
error: Content is protected !!