Google Analytics —— Meta Pixel

बाल कल्याण समितियों में नई नियुक्तियां, सरगुजा-गरियाबंद में अध्यक्ष तो 5 जिलों में सदस्य बनाए गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग ने बाल कल्याण समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति के संबंध में आदेश जारी किया है। यह आदेश 3 सितंबर 2026 को जारी किया गया। नियुक्तियां किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के तहत की गई हैं।

आदेश के अनुसार सरगुजा जिले में ज्योति श्रीवास्तव को बाल कल्याण समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं गरियाबंद जिले में अभिमन्यु ध्रुव को समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा दुर्ग, रायगढ़, सुकमा, बीजापुर और जशपुर जिलों की बाल कल्याण समितियों में सदस्यों की नियुक्ति की गई है। दुर्ग में खुशबू ठाकुर, रायगढ़ में मृदुला सिसोदिया और दिव्या पाण्डेय, सुकमा में प्रमिला राव, राधिका साहू और गीता, बीजापुर में पुष्पा सिन्हा और महावीर माहेश्वारी तथा जशपुर में सावित्री सोनी को सदस्य नियुक्त किया गया है।

तीन साल रहेगा कार्यकाल

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियुक्त अध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन वर्ष का रहेगा। हालांकि, यदि अध्यक्ष या सदस्य की आयु 65 वर्ष पूरी हो जाती है, तो उसी दिन उनकी नियुक्ति स्वतः समाप्त मानी जाएगी।

पुलिस सत्यापन के बाद होगी नियुक्ति की पुष्टि

नवनियुक्त अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्तियां पुलिस सत्यापन होने तक प्रावधिक रहेंगी। यदि सत्यापन के दौरान किसी उम्मीदवार के संबंध में प्रतिकूल जानकारी सामने आती है, तो नियुक्ति समाप्त की जा सकती है।

संबंधित नवनियुक्त अध्यक्ष एवं सदस्यों को आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर संबंधित जिले में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज और शपथ पत्र जमा करना होगा। इसके बाद वे निर्धारित नियमों के अनुसार बाल कल्याण समिति के कार्यों में जिम्मेदारी संभालेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!