रायपुर में MMI नारायणा अस्पताल की नर्स की चाकू मारकर हत्या, बॉयफ्रेंड पर हत्या का शक
Nurse Murdered in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से हत्या का मामला सामने आया है, जहां MMI नारायणा अस्पताल की 23 साल की नर्स प्रियंका दास की उसके किराए के कमरे में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। युवती का शव उसके कमरे में खून से लथपथ मिला। पुलिस इस हत्या के पीछे प्रेम संबंध में चल रहे विवाद को मुख्य वजह मान रही है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित लालपुर इलाके का है। मृतिका चिरमिरी की रहने वाली थी, जो पिछले डेढ़ महीने से रायपुर के लालपुर इलाके में किराए के मकान में तीन सहेलियों के साथ रह रही थी। वो लोग भी MMI नारायणा अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है।
यह भी पढ़ें:- Bihar Chunav: हर फैमिली में 1 सरकारी नौकरी, बेघर को पक्का घर, तेजस्वी यादव की बड़ी घोषणा
गुरुवार सुबह जब प्रियंका की एक रूममेट नाइट ड्यूटी के बाद घर लौटी तो उसने कमरे में खून से लथपथ प्रियंका की लाश देखी। तत्काल पड़ोसियों को सूचना दी गई, जिन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर साक्ष्य जुटाए। प्रियंका के सीने और दूसरे हिस्सों में चाकू से वार के गहरे निशान मिले हैं। पुलिस को घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस जांच में पता चला कि प्रियंका का दुर्गेश नाम के व्यक्ति से प्रेम संबंध था, जिससे हाल ही में उसका विवाद चल रहा था। (Nurse Murdered in Raipur)

हत्या के पीछे लव ट्रायंगल की आशंका
प्रारंभिक जांच में लव ट्रायंगल की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दुर्गेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ASP डॉ. पोर्ते ने बताया कि हत्या के मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की संभावना है। प्रियंका की रूममेट्स से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के दौरान किसी भी पड़ोसी ने न तो किसी को बाहर आते देखा और न ही किसी तरह की चीख-पुकार सुनी। यह इस बात की ओर इशारा करता है कि आरोपी ने चुपचाप वारदात को अंजाम देकर भागने में सफलता पाई। कमरे में संघर्ष के भी कुछ संकेत मिले हैं। पुलिस को घटनास्थल के आसपास कई सीसीटीवी कैमरे मिले हैं, लेकिन सभी कैमरे खराब पाए गए हैं, जिससे जांच में कठिनाई आ रही है। (Nurse Murdered in Raipur)
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही चाकूबाजी
इससे कुछ ही दिन पहले ही रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एवॉन लॉज में एक नाबालिग प्रेमिका ने अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मृतक युवक मोहम्मद सद्दाम बिहार का रहने वाला था और रायपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। हत्या के बाद आरोपी लड़की बिलासपुर भाग गई, लेकिन बाद में खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर लिया। वहीं एक और ताजा मामला जांजगीर-चांपा जिले से सामने आया है, जहां वार्ड क्रमांक 16 में दो युवकों को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। आरोपी शिवम यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि एक महीने पहले दोनों पक्षों पर सीटी कोतवाली थाने में काउंटर केस दर्ज हुआ था। घरेलू हिंसा, प्रेम संबंधों में विवाद और मानसिक तनाव की वजह से युवाओं में बढ़ते अपराध एक चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन को तकनीकी संसाधनों को दुरुस्त करने के साथ-साथ युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और संवेदनशील मामलों में सामुदायिक जागरूकता पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।



