IPL फाइनल पर चल रहे ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 32 लाख नकद जब्त
Online Satta Racket : रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल फाइनल GT Vs RCB मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा (Online Satta Racket) संचालित करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और खरसिया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक नोट गिनने की मशीन बरामद की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मैच पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की। (Online Satta Racket)
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस टीम गोपाल राइस मिल कॉलोनी स्थित साहिल अग्रवाल के घर पहुंची, लेकिन वह मौके से फरार मिला। तलाशी के दौरान घर से दो बैग और नोट गिनने की मशीन बरामद की गई। बैगों की जांच में 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों सहित कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद मिले। पुलिस के अनुसार बरामद राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस कारोबार से जुड़े प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :- शादी के कुछ घंटों बाद उजड़ गई खुशियां, हेलिकॉप्टर हादसे में भारतीय मूल के पायलट की मौत, दुल्हन घायल



