एनआईटी रायपुर में “एप्लाइड डेटा एनालिटिक्स: ए प्रैक्टिकल अप्रोच” विषय पर ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स का आयोजन

NIT Raipur : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर के कन्टिन्यूइंग एजुकेशन सेल (सीईसी) एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा “एप्लाइड डेटा एनालिटिक्स: ए प्रैक्टिकल अप्रोच” विषय पर एक ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स का आयोजन 25 मई से 8 जून 2026 तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन एनआईटी रायपुर (NIT Raipur) के निदेशक डॉ. एन. वी रमना राव के मुख्य संरक्षण तथा रिसर्च एंड कंसल्टेंसी के डीन डॉ. जी. पी. मिश्रा के संरक्षण में किया जा रहा है। कार्यक्रम के अध्यक्ष सीईसी के अध्यक्ष डॉ. सुभोजीत घोष हैं, जबकि संयोजक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के हेड डॉ. सुधाकर पांडेय हैं। कार्यक्रम का समन्वयन सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के डॉ. गोविंद पी. गुप्ता एवं डॉ. मृदु साहू द्वारा किया जायेगा।
यह कोर्स प्रतिभागियों को डेटा साइंस और डेटा एनालिटिक्स की मजबूत समझ देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें डेटा प्री-प्रोसेसिंग, प्रेडिक्टिव एनालिसिस, डेटा स्टैटिस्टिक्स की बुनियादी अवधारणाएँ, मशीन लर्निंग तकनीकें तथा डेटा विज़ुअलाइज़ेशन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं। कार्यक्रम में केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक सीखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रतिभागियों के लिए हैंड्स-ऑन सत्र और लाइव डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे विषय को बेहतर तरीके से समझ सकें। साथ ही, प्रत्येक समूह को एक प्रोजेक्ट दिया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ मार्गदर्शकों की सहायता से वास्तविक समस्याओं पर काम करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रतिभागी पायथन और आर की सहायता से डेटा विश्लेषण करने, मॉडल फिटिंग करने तथा डेटा विज़ुअलाइज़ेशन और इंटरप्रिटेशन के विभिन्न टूल्स का उपयोग करने में सक्षम होंगे। यह कोर्स प्रतिभागियों में डेटा आधारित समाधान विकसित करने, बड़े और जटिल डेटा सेट्स को संभालने तथा अपने विश्लेषणात्मक निष्कर्षों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करेगा। साथ ही, यह कार्यक्रम उन विद्यार्थियों और पेशेवरों के लिए भी उपयोगी होगा जो भविष्य में डेटा साइंटिस्ट, डेटा इंजीनियर बनने या डेटा साइंस एवं बिग डेटा के क्षेत्र में शोध कार्य करना चाहते हैं।
यह कोर्स स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, शोधार्थियों, फैकल्टी सदस्यों, तकनीकी एवं शैक्षणिक संस्थानों के कर्मचारियों, लैब प्रशिक्षकों, सरकारी कर्मचारियों तथा उद्योग जगत से जुड़े पेशेवरों के लिए खुला है। कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान एनआईटी, आईआईआईटी, आईआईटी एवं विभिन्न उद्योगों के अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा दिए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को एक समृद्ध और बहुआयामी सीखने का अनुभव प्राप्त होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 मई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयनित प्रतिभागियों की सूची 22 मई 2026 को जारी की जाएगी। कार्यक्रम से सम्बन्धित अधिक जानकारी संस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध है। (NIT Raipur)

यह भी पढ़े :- पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें, एक साल तक सोने के गहने न खरीदें : प्रधानमंत्री मोदी



