पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें, एक साल तक सोने के गहने न खरीदें : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट को देखते हुए पेट्रोलियम उत्पादों का संयमित उपयोग समय की मांग है। उन्होंने लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस की खपत कम करने की अपील करते हुए कहा कि भारत पर वैश्विक तेल संकट का असर अधिक पड़ता है, क्योंकि देश के पास तेल के बड़े भंडार नहीं हैं।
यह भी पढ़े :- एनआईटी रायपुर में “एप्लाइड डेटा एनालिटिक्स: ए प्रैक्टिकल अप्रोच” विषय पर ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स का आयोजन
तेलंगाना में करीब 9400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग केवल जरूरत के मुताबिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले सरकार का फोकस 100 प्रतिशत एलपीजी कवरेज पर था, जबकि अब पाइपलाइन के जरिए सस्ती गैस आपूर्ति और सीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
‘वर्क फ्रॉम होम’ और मेट्रो उपयोग पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने ईंधन की बचत के लिए “वर्क फ्रॉम होम”, ऑनलाइन मीटिंग और वर्चुअल कॉन्फ्रेंस को फिर से प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा उपलब्ध है, वहां लोगों को अधिक से अधिक मेट्रो का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इन उपायों से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा।
एक साल तक सोने के गहने न खरीदने की अपील
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे एक साल तक शादी या अन्य समारोहों में सोने के गहने खरीदने से बचें। उन्होंने कहा कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि शादियों, छुट्टियों और अन्य कारणों से होने वाली अनावश्यक विदेशी यात्राओं को कुछ समय के लिए टालना देशहित में होगा।
कार्यक्रम स्थल के पास मिली जिलेटिन की छड़ें
इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास सड़क किनारे से जिलेटिन की दो छड़ें बरामद होने से हड़कंप मच गया। यह सामग्री प्रधानमंत्री के यात्रा मार्ग से कुछ दूरी पर मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



