Google Analytics —— Meta Pixel

12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 3 हजार रुपए लेकर छात्रों तक पहुंचाया था प्रश्न पत्र

Hindi Paper Leak Case: छत्तीसगढ़ 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान हिंदी पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से बेमेतरा जिले के बरसरा गांव का रहने वाला है, जो कुछ समय से रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने 12वीं हिंदी विषय का प्रश्न पत्र परीक्षा से पहले कुछ छात्रों तक पहुंचाया था और इसके बदले करीब 3 हजार रुपए लिए थे। प्रश्न पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए वायरल हुआ था, जिसके बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

यह भी पढ़ें:- पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें, एक साल तक सोने के गहने न खरीदें : प्रधानमंत्री मोदी

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी और साइबर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में ही यह संकेत मिले थे कि पेपर लीक संगठित तरीके से किया गया और इसमें कई लोगों की भूमिका हो सकती है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था। सोशल मीडिया चैट, मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन डिलीट किए जा रहे थे। हालांकि साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से पुलिस ने डिलीटेड डेटा और चैट्स रिकवर कर लिए। जांच एजेंसियों ने डिजिटल फुटप्रिंट, सोशल मीडिया गतिविधियों और आर्थिक लेनदेन का गहन विश्लेषण किया। (Hindi Paper Leak Case)

इस मामले में 50 से ज्यादा छात्रों और अन्य संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस की जांच वेणु जंघेल तक पहुंची। आरोपी पर पहले ही 5000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी बिलासपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद लगातार डिजिटल लोकेशन ट्रैकिंग और निगरानी के जरिए टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने पेपर लीक से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने अन्य लोगों की संलिप्तता और आर्थिक लेनदेन से जुड़ी जानकारी भी दी है। जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर लीक में कुछ युवकों के अलावा स्कूल से जुड़े कुछ लोगों की भी भूमिका हो सकती है।

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

जानकारी के अनुसार आरोपी एक कॉलेज छात्र है और उसका संबंध एक राजनीतिक दल के छात्र संगठन से भी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि स्कूल का रिजल्ट बेहतर दिखाने के उद्देश्य से प्रश्न पत्र लीक किया गया था। पुलिस अब उन सभी लोगों की तलाश कर रही है, जिनके नाम पूछताछ में सामने आए हैं। रिकवर किए गए मोबाइल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया डेटा और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। (Hindi Paper Leak Case)

Back to top button
error: Content is protected !!