छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ने लगी गर्मी, अगले 5 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने के आसार
Heat Intensifies in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर गर्मी ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। प्रदेश में रविवार को दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सुकमा में 38 डिग्री और राजधानी रायपुर में 37.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें:- 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 3 हजार रुपए लेकर छात्रों तक पहुंचाया था प्रश्न पत्र
बेमेतरा में 37.3 डिग्री, बिलासपुर में 36.1 डिग्री और जगदलपुर में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रायगढ़ में पारा 37 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि कवर्धा में 35.4 डिग्री और सरगुजा में 34.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके चलते दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में गर्म हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है। (Heat Intensifies in Chhattisgarh)
लोगों को दोपहर में निकलने से बचने की सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। तेज गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढंकें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही ज्यादा देर तक धूप में रहने और भारी शारीरिक मेहनत से बचने की अपील की गई है।


