Google Analytics —— Meta Pixel

बिजली विभाग के नाम पर ऑनलाइन ठगी, बुजुर्ग महिला के खाते से 6 लाख रुपए गायब

Online Fraud in Durg: दुर्ग में एक बुजुर्ग महिला से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। रिसाली के मैत्री नगर में रहने वाली मोनिसिजा चटर्जी ने 22 अक्टूबर को अपने मोबाइल से स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायत दर्ज कराने के लिए बिजली विभाग का ऑनलाइन नंबर सर्च किया। मोनिसिजा को एक नंबर प्राप्त हुआ, जिस पर उन्होंने कॉल किया। कॉल पर उनसे 5 रुपए का भुगतान करने को कहा गया। उन्होंने पेमेंट किया, लेकिन सेवा उपलब्ध नहीं हुई। जब उन्होंने दोबारा पेमेंट किया तो 5 रुपए कटे, लेकिन इसके 24 घंटे के भीतर उनके बैंक खाते से 5 लाख 91 हजार 696 रुपए गायब हो गए।

यह भी पढ़ें:- हाईटेंशन लाइन से टकराई बस, सिलेंडर ब्लास्ट में 3 की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे, 15 दिनों में 5वां बड़ा हादसा

पैसे कटने के बाद मोनिसिजा ने संबंधित नंबर पर कॉल किया, लेकिन नंबर लगातार बंद आ रहा था। इसी से उन्हें समझ आया कि उनके साथ ऑनलाइन ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने नेवई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को सौंप दिया है। फिलहाल साइबर टीम इस मामले की जांच कर रही है और ठगी करने वालों की पहचान की कोशिश में जुटी हुई है। इधर, रायगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। छोटे अतरमुड़ा के रहने वाले 60 साल के अलेन किंडो ने बताया कि कुछ आरोपियों ने उनके भतीजे को छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक पद पर भर्ती कराने का झांसा देकर कुल 11 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए।

प्रोफेसर और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने रकम अलग-अलग माध्यमों जैसे बैंक ट्रांसफर, गूगल पे, नकद और जेवर बेचकर ली। आरोपियों ने घर पर फर्जी आरक्षक भर्ती सुनिश्चित पत्र भी पहुंचाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और सबूतों के आधार पर किरोड़ीमल शासकीय कला और विज्ञान महाविद्यालय के प्रोफेसर उत्तर सिदार और कंप्यूटर ऑपरेटर संजू यादव को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा, विकास सिदार, अमन यादव, सेवक चौहान, मुलचंद कावर, एस.के. सिंह और गुप्ता नाम के छह आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की टीम रायगढ़ और रायपुर में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने जनता से सतर्क रहने की अपील की है।

Back to top button
error: Content is protected !!