छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती का नेटवर्क खंगालेगी सरकार, CM विष्णुदेव साय ने सभी जिलों में जांच के दिए निर्देश

Opium Search in All Districts: छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती को लेकर राजनीति तेज हो गई है। दुर्ग जिले में भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती उजागर होने के बाद यह मामला विधानसभा से लेकर प्रदेश की राजनीति तक गरमा गया है। इसी बीच बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में भी अफीम की खेती मिलने से सरकार ने पूरे प्रदेश में जांच के निर्देश दे दिए हैं। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि जहां भी इस तरह की खेती मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधानसभा में अपने विभाग के बजट अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान डिप्टी CM शर्मा ने अफीम की खेती के मुद्दे पर सरकार का रुख स्पष्ट किया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बनाई जांच समिति, प्रदेशभर में बीजेपी कार्यालय घेरने का ऐलान
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार से मांग की कि अफीम की खेती के मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकर को मुख्य आरोपी घोषित किया जाए और उनका नाम FIR में सबसे ऊपर दर्ज कराया जाए। इस पर डिप्टी CM ने कहा कि FIR में नाम ऊपर है या नीचे, यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भाजपा कार्यकर्ता इस मामले में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी CM विजय शर्मा ने आगे कहा कि इस मामले में सभी मुख्य आरोपी हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। (Opium Search in All Districts)
पूरे प्रदेश में जांच के निर्देश
अफीम की खेती के मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे प्रदेश में जांच कराने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी CM विजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार सभी जिलों में यह जांच करवाई जाएगी कि कहीं और भी इस तरह की अवैध खेती तो नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो आधुनिक तकनीक की भी मदद ली जाएगी, ताकि इस तरह की खेती का पता लगाया जा सके और उसे पूरी तरह खत्म किया जा सके। डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि अफीम के मामले में भाजपा सरकार ने सख्त कार्रवाई की है, वरना पिछली भूपेश सरकार में तो अपराधियों को संरक्षण मिलता रहा। (Opium Search in All Districts)
जल्द पूरा प्रदेश होगा नशा मुक्त: मंत्री अग्रवाल
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार नशे के कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि दुर्ग के बाद बलरामपुर से भी जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर किसी को इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो सरकार और प्रशासन को तुरंत सूचना दें। समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता भी जरूरी है। मंत्री ने कहा कि पिछले दो सालों में गांजा तस्करी समेत अन्य नशे से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का लक्ष्य पूरे प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है।
कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप
इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। भाजपा विधायक रिकेश सेन ने आरोप लगाया कि दुर्ग में यह खेती कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों के मुताबिक पिछले चार सालों से वहां अफीम की खेती हो रही है, जबकि भाजपा सरकार को बने अभी दो साल ही हुए हैं। ऐसे में पूर्व सरकार की भी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कम से कम कार्रवाई तो हो रही है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बिना जांच के किसी पर आरोप लगाना ठीक नहीं है। (Opium Search in All Districts)
विधानसभा में हुआ हंगामा
बता दें कि भाजपा नेता विनायक ताम्रकर का नाम अफीम की खेती के मामले में सामने आने के बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। इस मुद्दे को लेकर विधानसभा में भी जोरदार हंगामा हुआ था। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि अफीम की खेती करने वालों को भाजपा का संरक्षण मिल रहा है। कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव के जरिए इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने इसे नामंजूर कर दिया। इसके बाद कांग्रेस के 29 विधायक अध्यक्ष के आसन के पास पहुंच गए, जिसके चलते उन्हें सदन से निलंबित कर दिया गया। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही भी स्थगित करनी पड़ी थी। अफीम की अवैध खेती के खुलासे के बाद छत्तीसगढ़ में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सरकार ने पूरे प्रदेश में जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा किया है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है।



