कांग्रेस के AI वीडियो पर विपक्ष और सहयोगियों की मिली-जुली राय, जानिए किसने क्या कहां…?

Bihar Congress AI Video: बिहार कांग्रेस की ओर से जारी AI-जनरेटेड वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी विवाद उत्पन्न हो गया है। विपक्षी दलों और दूसरे पार्टि के नेताओं ने इस पर मिली जुली प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री हों या किसी और की मां हों, सभी का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन यह बेमतलब का मुद्दा खड़ा किया जा रहा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि इसमें अपमान कहां है ? नसीहत देना माता-पिता का कर्तव्य होता है। ये बार-बार हर चीज को मुद्दा बनाना और छुईमुई बनकर राजनीति करना सिर्फ PM मोदी को आता है हमें तो नहीं आता है। राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि विमर्श में जो जहर घोला जा रहा है, वह सभी दलों के लिए चिंता का विषय होना चाहिए, लेकिन आज कल बिलो द बेल्ट बोलकर लोग सीढ़ियां चढ़ते जाते हैं, उन्हें बंद करना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस के AI वीडियो पर BJP नेताओं का फूटा गुस्सा, कहा- यह राजनीति नहीं, अपराध है
पश्चिम बंगाल में मंत्री और TMC नेता शशि पांजा ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल या व्यक्ति, व्यक्तिगत आक्रमण पर निर्भर नहीं करता है। व्यक्तिगत आक्रमण करके आपकी राजनीतिक संकीर्णता दिखाई देती है। मां-बहन का सम्मान करना चाहिए, यही हमारा मानना है। TMC नेता कुणाल घोष ने कहा कि किसी पर व्यक्तिगत हमला करना ठीक नहीं है। किसी के पिता या माताजी को टारगेट नहीं किया जाना चाहिए। यह राजनीति ठीक नहीं है, लेकिन भाजपा भी तो यही करती है। भाजपा ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी पर भी बयान दिया था। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि क्या राजनीति का नैतिक स्तर इतना गिर गया है कि आप अपनी मां को भी राजनीति में घसीट सकते हैं ? चाहे वह गरीब की मां हो, अमीर की मां हो, मुख्यमंत्री की मां हो या प्रधानमंत्री की मां हो, मां तो मां होती है। गाली देने की परंपरा और इस तरह की प्रवृत्ति केवल भाजपा से ही सीखी जा सकती है। ऐसे संस्कार केवल भाजपा ही दे सकती है।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन ने साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां का अपमान कर रही है, जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। देश की जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी। JDU नेता विजय चौधरी ने कहा कि इन लोगों के लिए ये आम बात हो गई है और यह सब इसलिए कर रहे हैं क्योंंकि शायद विपक्षी दल कुछ ज्यादा ही हताश और निराश हो गए हैं। JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि जब हार पक्की हो तो राजनीतिक दलों के लिए अपना मानसिक संतुलन बरकरार रखना मुश्किल हो जाता है। इस बार का ट्वीट इनकी हताशा और बौखलाहट को जाहिर करता है। प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माताजी को पहले इनके मंच से गालियां दी गईं और फिर इनकी इस वीडियो के माध्यम से उनका घोर अपमान किया गया है। कांग्रेस के लिए आने वाला समय बहुत मुश्किल होने वाला है। (Bihar Congress AI Video)



